संकट में सहयोग की बजाय विपक्ष ने की राजनीति : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा संकट की घड़ी में विपक्ष ने मदद व सहयोग की बजाय राजनीति की है।
जागरण संवाददाता, मंडी : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा संकट की घड़ी में विपक्ष ने मदद व सहयोग करने की बजाय राजनीति की। देशभर में प्रदेश सरकार का कार्य बेहतर आंका गया है और विपक्ष के लोगों को इसकी पीड़ा हो रही है। कांग्रेस के कार्यकाल में क्या-क्या कारनामे हुए हैं, सरकार के पास इसका पूरा चिट्ठा है। विपक्ष को बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
मुख्यमंत्री ने वीरवार को शिमला से वीडियो कॉंफ्रेंसिग के जरिए मंडी जिला के मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने कहा इस माह के अंत तक प्रदेश में 65 से 70 फीसद गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर पार्टी हाईकमान फैसला करेगा। हाईकमान से मंजूरी के बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार होगा। कोरोना काल में प्रदेश का पूरा काम टेक्नोलॉजी से चल रहा है। कोई मुख्यमंत्री ऐसे दौर से नहीं गुजरा है। दो मई तक प्रदेश कोरोना मुक्त होने के कगार पर था। अन्य राज्यों से फंसे 1.92 लाख लोग प्रदेश में लाए गए। इसके बाद प्रदेश में कोरोना के मामले बढ़े। किसी को भी बिना टेस्ट घर नहीं भेजा जा रहा।
आर्थिक गतिविधियां जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा आने वाले समय में और मामले सामने आ सकते हैं। इसलिए सावधानी बरतने की जरूरत है। पड़ोसी राज्यों से हिमाचल बेहतर है। मीडिया के लोगों पर दर्ज केस वापस होंगे। टास्क फोर्स रियायतें देने की संभावना तलाश रही है। होटल पर्यटकों के लिए नही खुलेंगे, सिर्फ हिमाचल के लोगों को अनुमति दी है। होटलों के छह माह तक बिजली व पानी के बिल घरेलू दरों पर आएंगे। 55000 लोग होटल इंडस्ट्री बंद होने से बेरोजगार हुए हैं। वेलनेस टूरिज्म को लेकर मेरे बयान को गलत तरीके से पेश किया गया। फिल्म इंडस्ट्री हिमाचल आने को तैयार है। इसमें एसओपी का पूरा ख्याल रखेंगे। अभी चर्चा है, निर्णय नहीं हुआ है।
अन्य राज्यों से आए युवाओं को योग्यता अनुसार उद्योगों में मिलेगा रोजगार
अन्य राज्यों से आए प्रदेश के युवाओं को प्रदेश के उद्योगों में रोजगार मिलेगा। 10 हजार लोगों ने आवेदन किया है। रोजगार योग्यता अनुसार मिलेगा। दुनिया भर में हिमाचल के फार्मा उद्योग में बन रही हाइड्रोक्सीक्लोरोक्विन की सप्लाई हो रही है। हिमाचल की दो दवा कंपनियां कोरोना वैक्सीन विकसित करने के करीब पहुंच गई हैं।