रोपवे से जुड़ेगा शिकारी देवी : जयराम
समुद्रतल से करीब 11000 फुट की ऊंचाई पर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल शिकारी देवी रोपवे से जुड़ेगा।
जागरण संवाददाता, जंजैहली (मंडी) : मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थल शिकारी देवी रोपवे से जुड़ेगा। सरकार ने इस दिशा में कई कारगर कदम उठाए हैं। एमओयू साइन होते ही रोपवे का शिलान्यास कर दिया जाएगा। भुलाह से शिकारी देवी के बीच रोपवे बनने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। साल भर मंदिर तक पहुंचाना आसान होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ढीम कटारू में 27 करोड़ की लागत से बनने वाले प्रदेश के पहले टूरिस्ट कल्चर सेंटर की आधारिशला रखने के बाद जंजैहली स्कूल में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सर्दियों में बर्फबारी के कारण शिकारी देवी मार्ग करीब चार माह बंद रहता है। इससे पर्यटक व श्रद्धालु मंदिर नहीं पहुंच पाते हैं।
एसडीएम कार्यालय को लेकर जंजैहली में हुए विरोध पर हालांकि जयराम ठाकुर ने खुले तौर पर कुछ नहीं कहा। लेकिन इशारों में विरोध करने वालों को खूब खरी-खोटी सुना गए। बकौल जयराम ठाकुर, जब लक्ष्य बड़ा हो तो छोटी-छोटी चीजों को लेकर नहीं उलझना चाहिए। विवादों से अकसर विकास प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि सरकार एक समान दृष्टि से हर क्षेत्र में विकास कार्यो को तवज्जो दे रही है। वर्षो से लटके कई महत्वपूर्ण विकास कार्यो को केंद्र सरकार से उठाया गया है। लोकसभा चुनाव में विकास प्रमुख मुद्दा होगा। इस मौके पर आइपीएच मंत्री महेंद्र ¨सह ठाकुर व वन मंत्री गो¨वद ठाकुर ने भी संबोधित किया।