औट में चलती कार पर गिरी चट्टान, चालक की मौत
चलती कार पर चट्टान गिरने से वाहन चालक की मौत हादसे में महाराष्ट्र के चार पर्यटकों समेत दो बच्चे बाल बाल बचे। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
मंडी, जेएनएन। मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर औट के निकट चलती कार पर चट्टान गिरने से चालक की मौत हो गई। हादसे में कार में सवार महाराष्ट्र के चार पर्यटकों समेत दो बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कांगड़ा जिला के बैजनाथ निवासी मनोहर लाल के रूप में हुई है। रविवार को चालक मनोहर महाराष्ट्र के चार पर्यटकों व उनके दो बच्चों को कार में कुल्लू-मनाली घुमाने ले जा रहा था। करीब चार बजे जब कार औट के शनि मंदिर के निकट पहुंची तो पहाड़ी से चट्टान नीचे गिर गई। चट्टान कार पर आ गिरी।
हादसे में चालक मनोहर की मौके पर मौत हो गई है। कार में सवार महाराष्ट्र की दो पर्यटक महिलाएं, दो पुरुष तथा उनके दो बच्चों को मामूली चोट आई हैं। बताया जा रहा है कि औट में शनिदेव मंदिर के निकट फोरलेन का काम चला हुआ है। रविवार को कार्य बंद था। इसके बावजूद पहाड़ी से चट्टान खिसकने से फोरलेन के काम पर लोग सवाल उठाने लगे हैं। डीएसपी पद्धर मदनकांत शर्मा ने बताया कि बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप