बड़ादेव मतलोड़ा के होम तीन व चार को
सहयोगी थुनाग सराज घाटी के बड़ादेव मतलोड़ा ऋषि का होम यानी जाग इस बार तीन व चार नवंबर
सहयोगी, थुनाग : सराज घाटी के बड़ादेव मतलोड़ा ऋषि का होम यानी जाग इस बार तीन व चार नवंबर को होगा, लेकिन इस बार मंदिर में केवल 51 बच्चों का ही मुंडन किया जाएगा। पिछले वर्ष यहां पर 265 बच्चों का मुंडन हुआ था।
दो दिन तक चलने वाले कार्यक्रम में दूसरे दिन सराज घाटी के लोग बच्चों का मुंडन करवाते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। देवता के गूर भाग चंद ने बताया कि देवता के कुल पुरोहित गिनती के अनुसार होम का समय तीन नवंबर को रात व चार को सुबह निश्चित किया गया है। बुधवार चार नवंबर सुबह करीब पांच बजे देव मतलोड़ा नवनिर्मित कौठी च्यौठ से ढोल नगाड़े के साथ जलेब के साथ निकलेंगे व मूल स्थान खरसू पर पहुंचेंगे जहा पर पहुंचकर लोगों को आशीर्वाद देंगे। मंदिर कमेटी अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि देवता के होम के बाद होने वाले मुंडन कमेटी की देखरेख में होंगे। इस बार केवल 51 मुंडन होंगे और कोविड-19 के नियमों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।