10 साल की दोस्ती के बाद सगाई, चंबा की धाविका सीमा देश की खातिर 2 वर्ष तक नहीं करेंगी शादी; पहले पूरा करेंगी सपना
अंतरराष्ट्रीय धाविका सीमा, जो एशियन गेम्स में पदक जीत चुकी हैं, मंडी के अमन से शादी करेंगी। देश के लिए ...और पढ़ें

चंबा की सीमा मंगेतर अमन के साथ।
HighLights
अंतरराष्ट्रीय धाविका सीमा मंडी के अमन से करेंगी शादी।
ओलंपिक पदक के लिए 2028 के बाद होगा विवाह।
अमन सीमा के खेल करियर में देते हैं पूरा साथ।
जागरण संवाददाता, मंडी। एशियन खेलों में देश का नाम रोशन करने वाली अंतरराष्ट्रीय धाविका और उड़नपरी के नाम से मशहूर चंबा की सीमा मंडी की बहू बनेंगी। दोनों परिवारों की सहमति से हुए इस रिश्ते के बाद अब शादी की योजना आगामी ओलंपिक खेलों के बाद तय की गई है। 2028 ओलंपिक के बाद दोनों सात फेरे लेंगे।
दस साल की दोस्ती पहुंची मंजिल पर
सीमा और अमन 10 वर्ष से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों की यह खूबसूरत शुरुआत धर्मशाला में हुई थी। अमन खुद भी एक एथलीट रहे हैं और वर्तमान में धर्मशाला स्थित फोरेंसिक विभाग में वैज्ञानिक सहायक के पद पर कार्यरत हैं।
अमन के पिता पुलिस सब इंस्पेक्टर
अमन के पिता हरी सिंह पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सीमा के खेल के प्रति अटूट जुनून और समर्पण ने ही अमन को उनका मुरीद बनाया, जो धीरे-धीरे गहरी दोस्ती और अब जीवनभर के रिश्ते में बदल गई।
खेल और न्यूट्रीशन की कमान संभालते हैं अमन
खास बात यह है कि अमन सिर्फ जीवनसाथी ही नहीं, बल्कि सीमा के खेल करियर में उनके सबसे बड़े सहयात्री भी हैं। वह सीमा के न्यूट्रीशन (पोषण) का पूरा ध्यान रखते हैं और राष्ट्रस्तर की प्रतियोगिताओं में भी उनके साथ साए की तरह रहते हैं। एशियन खेलों में देश के लिए कांस्य पदक जीतने वाली सीमा का अगला बड़ा लक्ष्य ओलंपिक में देश के लिए पदक हासिल करना है।
ओलंपिक के बाद बजेगी शहनाई
अमन का कहना है कि सीमा की खेल तैयारी में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसलिए दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से विवाह समारोह को ओलंपिक के बाद संपन्न करवाने का निर्णय लिया है। देश का नाम रोशन करने वाली इस प्रतिभावान बेटी के परिवार में शामिल होने से अमन के घर में खुशी का माहौल है।
