नानी की हत्या के आरोप में दोहता गिरफ्तार
उपमंडल के जमनौन गांव में 13 मई को अपने दोहते द्वारा कुल्हाड़ी के हमले से घायल हुई
संवाद सहयोगी, सरकाघाट : उपमंडल सरकाघाट की बलद्वाड़ा तहसील के बरोट गांव में नानी की हत्या के आरोपित दोहते को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 85 वर्षीय वृद्धा गीता देवी की रविवार शाम मौत हो गई थी। आरोपित ने 13 मई को गीता देवी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया था। पुलिस ने अजय कुमार को उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
आरोपित ने खाना न बनाने को लेकर हुई बहस के बाद नानी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया था। वह नानी के पास ही रहता था। 13 मई की रात हमला करने के बाद आरोपित घर से फरार हो गया था। 14 मई को सुबह गीता देवी को उसकी बहू ने खून से लथपथ पड़े देखा था। स्वजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बलद्वाड़ा ले गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोनल अस्पताल बिलासपुर व वहां से पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया गया था। गीता देवी कोमा में चली गई थी। उसे घर भेज दिया था। रविवार शाम उसने दम तोड़ दिया।
थाना हटली के प्रभारी सतीश शर्मा ने बताया कि आरोपित को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है। चार साल पहले आरोपित के भाई ने भी अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। डीएसपी सरकाघाट चंद्रपाल सिंह ने आरोपित को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है।