हिमाचल में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सुंदरनगर में खाई में गिरी बरातियों की टैक्सी; 2 की मौत और 3 घायल
सुंदरनगर उपमंडल में पंडार चौकी के पास एक ऑल्टो टैक्सी खाई में गिरने से दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में शादी समारोह में जा रहे दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
-1795711256759_m.webp)
शादी में जा रहे बरातियों की ऑल्टो टैक्सी गहरी खाई में गिरी, दो की मौत।
HighLights
सुंदरनगर में पंडार चौकी के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा।
ऑल्टो टैक्सी खाई में गिरने से दो लोगों की मौत।
शादी समारोह में जा रहे तीन अन्य व्यक्ति घायल हुए।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर। सुंदरनगर उपमंडल के तहत पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी की पुलिस चौकी निहरी के अंतर्गत पंडार चौकी के समीप वीरवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक ऑल्टो टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सभी पांचों व्यक्ति शादी समारोह में शामिल होने के लिए जंडरेहड़ से जयदेवी की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑल्टो टैक्सी नंबर एचपी-01एम-6365 में पांच व्यक्ति सवार थे। पंडार चौकी के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे टैक्सी गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में मनोज कुमार (45) पुत्र भगत राम, सुरेंद्र कुमार (42) पुत्र पोलू राम और पंकज कुमार (38) पुत्र जगत राम, तीनों निवासी गांव बोडल, डाकघर जयदेवी, तहसील सुंदरनगर घायल हो गए,जिन्हें सीएचसी रोहांडा में प्राथमिक उपचार के बाद नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।
वहीं, हादसे में विजय कुमार उर्फ रिंकू (36) पुत्र रामदास निवासी गांव खगराओ, डाकघर जयदेवी और पुनीत कुमार उर्फ अंकु (34) पुत्र केवल कृष्ण निवासी गांव बोडल, डाकघर जयदेवी की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना में दो लोगों की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने मामले की पुष्टि की है।