मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर कार और जीप में जोरदार टक्कर, छह घायल Mandi News
मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे पर कार और जीप की टक्कर में छह लोग घायल हो गए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है।
पधर(मंडी), आशीष भोज। मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे में कुन्नू के समीप भटेहड़ गांव के पास महिंद्रा जीप और कार में भिड़ंत हो जाने से छह लोगों के जख्मी होने की सूचना है। जिनमें दो पुरुष, तीन महिला और एक बच्चा शामिल है। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पधर ले जाया गया है। जहां उपचार चल रहा है। पधर पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की तहकीकात शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार मंडी की तरफ से आ रही कार एचपी 33डी6596 की विपरीत दिशा से आ रही महिंद्रा जीप नंबर एचपी 68-1367 के साथ जोरदार टक्कर हो गयी है। दोनों वाहनों में हुई जोरदार टक्कर के बाद कार जीप के पिछले हिस्से में जा घुसी। जीप में एंगल आयरन और प्लास्टिक की पाइपें लोड थी। गनीमत रही कि एंगल आयरन से कोई जानी नुकसान नही हुआ।
स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को पधर अस्पताल पहुंचाया। जहां से गंभीर रूप से जख्मी दो लोगों को मंडी रैफर किए जाने की सूचना है। पधर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसडीपीओ पधर मदनकांत शर्मा ने की है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप