महिला के पेट से निकली 21 किलो की रसौली, डेढ घंटे तक चला ऑपरेशन
मंडी के जोनल अस्पताल में एक महिला के पेट का ऑपरेशन कर 21 किलो की रसौली निकाली गयी, ये ऑपरेशन डेढ़ घंटे तक चला।
मंडी, जेएनएन। जोनल अस्पताल मंडी में एक महिला के पेट से 21 किलो की रसौली निकाली गई। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. कपिल मल्होत्रा के नेतृत्व में चिकित्सकों ने डेढ़ घंटे के बाद महिला का सफल ऑपरेशन करके नया जीवनदान दिया है।
बीना देवी (56) पत्नी नेत्रर सिंह निवासी गांव अप्पर पलवाहन सरकाघाट को नौ दिसंबर को दाखिल किया गया। इसके बाद उसके कई टेस्ट हुए। महिला को शूगर होने के कारण ऑपरेशन करना काफी जोखिम भरा हो गया था, लेकिन डॉ. कपिल मल्होत्रा ने उसका सफल ऑपरेशन करने की ठान ली थी और शुक्रवार को महिला को ऑपरेशन थियेटर में लाकर ऑपरेशन शुरू किया।
चिकित्कों की टीम में डॉ. तनु, डॉ. अश्वनी, ओटीए कंचन, स्टाफ नर्स रितु, सुमन आदि शामिल रहे। डॉ. कपिल मल्होत्रा ने बताया कि सामान्यत आधे घंटे में ही रसौली का ऑपरेशन हो जाता है, लेकिन यह केस हाई रिस्क होने के कारण दोगुने से ज्यादा समय लग गया। उन्होंने बताया कि रसौली के साथ आंतें व पेशाब की थैली चिपकी होती है, उन्हें अलग करना काफी जोखिम भरा होता है।