चसवाल के युवक की पठानकोट में सर्पदंश से मौत
उपमंडल धर्मपुर के चसवाल गांव के रहने वाले 32 वर्षीय युवक विक्की की सर्पदंश से मौत हो गई है।
संवाद सहयोगी, सरकाघाट : उपमंडल धर्मपुर के चसवाल गांव के रहने वाले 32 वर्षीय युवक विक्की की सर्पदंश से मौत हो गई है। विक्की ने मैनेजमेंट की डिग्री हासिल की थी। वह पंजाब के पठानकोट में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। कमरे में रह रहे सहयोगी ने बताया कि गत रात्रि करीब 11 बजे जब वो दोनों शाम का खाना खाने के बाद सोने चले गए। विक्की को आभास हुआ कि कोई सांप उसके शरीर पर रेंग रहा है। लाइट ऑन करने पर देखा कि जहरीला सांप उसकी एक टांग से लिपटा हुआ था। पलक झपकते ही सांप ने उसे काट लिया। दोनों युवकों ने घटना को हल्के में लिया और सांप को मारकर उसका वीडियो बनाने में लग गए। इसके बाद दोनों सोने चले गए। रात करीब तीन बजे विक्की के शरीर में कंपकंपी शुरू हो गई और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। यह देखकर उसके साथ रह रहे युवक ने आसपास रहने वाले लोगों को जगाया और उसे सिविल अस्पताल पठानकोट ले गए। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पैतृक गांव में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक विक्की की माता करूणा शिक्षा विभाग से वरिष्ठ पुस्तकालय अध्यक्ष के पद से सेवानिवृत्त हुई हैं जबकि पिता भी शिक्षा विभाग में कला अध्यापक पद से सेवानिवृत्त हैं।