बस में यात्री नहीं बिठाए तो सड़क में बैंच रखकर धरने पर बैठ गए लोग Mandi News
जड़ोली में परिवहन निगम की बस में न बिठाने पर यात्रियों ने सड़क पर बैंच लगाकर बस को रोक दिया। इसके बाद ग्रामीण बैंच पर बैठ गए और बस को रूट पर चलने नहीं दिया।
बग्गी, बबलू भारद्वाज। नाचन हलके के जड़ोली में परिवहन निगम की बस में न बिठाने पर यात्रियों ने सड़क पर बैंच लगाकर बस रोक दी। इसके बाद ग्रामीण बैंच पर बैठ गए और बस को रूट पर चलने नहीं दिया। यही नहीं चालक-परिचालक के साथ बहस भी हुई। सवा घंटा तक लगभग 20 लोग यहां बैठे रहे। बाद में परिवहन निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दूसरी बस में यात्रियों को गंतव्य की ओर रवाना किया। सुंदरनगर से स्यांजी रूट पर 1992 से निगम की बस चल रही है। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को सुविधा प्रदान हो रही है।
दो साल पूर्व इस बस को चिरड़ी और अब जयदेवी तक चलाया जा रहा है। इस रूट पर प्रतिदिन निगम की बस खचाखच भरी होती है, लेकिन बस 42 सीट होने के कारण कई यात्रियों को बस में जगह नहीं मिल पाती और आधी बाहर रह जाती है। वीरवार सुबह पौने नौ बजे यह बस जयदेवी से सुंदरनगर के लिए रवाना हुई। 42 सीटर बस में 71 सवारियां ठूंस ठूंस कर भर दी। जयदेवी से स्यांजी तक कंडक्टर द्वारा 71 सवारियों के टिकट काट लिए थे। बस में पैर धरने के लिए जगह नहीं बची थी।
ऐसे में स्यांजी से सवारियों को बैठाने के लिए बस नहीं रोकी, लेकिन जड़ोली के पास खड़े लगभग 20 यात्रियों ने बस का घेराव कर लगभग सवा घंटे तक सड़क बंद कर दी। यात्री बस चालक परिचालक से उलझ पड़े। बस से कोई भी सवारी नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं थी। सवा घंटा तक बस खड़ी रही। यह देख कर स्थानीय पंचायत के उपप्रधान पितांबर लाल ने निगम प्रबंधन को फोन कर समस्या के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि 42 सीटर बस में 71 सवारियां पहले से हैं और गभग 30 से 40 यात्री बाहर हैं। उन्होंने आग्रह किया कि दूसरी बस भेज कर यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचाया जाए तभी बस को यहां से जाने दिया जाएगा। वहीं स्थानीय निवासियों में गंगा राम मुसाफिर, दीपक मोलक राम, प्रेम, सूरज, महिला मंडल प्रधान भावना देवी ने सरकार व प्रशासन से मांग की कि स्यांजी के लिए अलग बस भेजी जाए।
स्थानीय लोगों को प्रतिदिन सुबह इस तरह की समस्या उठानी पड़ती है। स्कूल कॉलेज के बच्चों को दियारगी तक पैदल चलकर बस लेनी पड़ती है। पंचायत ने सरकार व प्रशासन से सुंदरनगर से स्यांजी के लिए अतिरिक्त बस भेजने की मांग की है। -दीवान चंद, प्रधान ग्राम पंचायत शाली।
लोगों की मांग जायज है। प्रतिदिन यहां बस में अतिरिक्त सवारियां बिठानी पड़ती है। विभाग के माध्यम से सरकार को इस समस्या के बारे में अवगत करवा दिया गया है। जैसे ही सरकार द्वारा नई बसें व स्टॉफ उपलब्ध करवाया जाएगा तो तुरंत लोगों कोी समस्या से निजात दिलाई जाएगी। -किशोरी लाल यादव, कार्यकारी क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी सुंदरनगर।