भ्यूली में खुलेगा प्रदेश का तीसरा महिला पुलिस थाना
जागरण संवाददाता, मंडी : राजधानी शिमला व धर्मशाला के बाद अब मंडी में प्रदेश का तीसरा महिला पुलिस थाना
जागरण संवाददाता, मंडी : राजधानी शिमला व धर्मशाला के बाद अब मंडी में प्रदेश का तीसरा महिला पुलिस थाना खुलेगा। शहर के बाहर भ्यूली में पुलिस के यातायात कंट्रोल रूम में फिलहाल महिला पुलिस थाने का शुभारंभ होगा। यातायात पुलिस कंट्रोल रूम को शहरी चौकी में स्थानांतरित कर दिया गया है। रविवार को यातायात पुलिस का समूचा रिकार्ड और मेज-कुर्सी से लेकर सारा सामान शहरी पुलिस चौकी पहुंच गया है।
प्रदेश के दो बड़े जिलों शिमला और कांगड़ा के बाद अब मंडी जिला को भी महिला पुलिस थाने की सौगात मिलने जा रही है। मंडी में महिला पुलिस थाने की घोषणा को अब जल्द अमलीजामा पहनाया जाएगा। शहर के भ्यूली में खुलने वाले इस महिला पुलिस थाने की कमान निरीक्षक रैंक के अधिकारी के हाथ में होगी। 21 महिला पुलिस कर्मियों का स्टाफ थाने में तैनात रहेगा। महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करने से लेकर मामले की छानबीन तक सभी कार्य महिला पुलिस ही करेगी। महिलाएं अब बिना किसी झिझक के अपनी शिकायत दर्ज करवा पाएंगी। दूसरे पुलिस थानों में महिला को शिकायत दर्ज करने के लिए कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। हालांकि महिला पुलिस थाने को शहरी पुलिस चौकी में खोलने की घोषणा की गई थी लेकिन किन्ही कारणों से इसे भ्यूली में खोलने का फिलहाल फैसला लिया गया है। मंडी जिला में घरेलू ¨हसा, महिला प्रताड़ना के आंकड़े अन्य जिलों के मुकाबले कहीं अधिक रहते है। लिहाजा महिला पुलिस थाना इन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कारगर साबित होगा।
उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी मोहित चावला ने महिला पुलिस थाना को फिलहाल भ्यूली यातायात पुलिस के कंट्रोल रूम में शुरू किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जल्द महिला पुलिस थाना काम करना शुरू कर देगा।