हिमाचल में बढ़ सकती हैं लोगों की मुश्किलें, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
बर्फबारी के बाद मनाली के पहाड़ धूप खिलते ही चांदी से निखर उठे हैं जिससे मनाली में हो रहे विंटर कार्निवल का मजा भी दोगुना हो गया है।
शिमला, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश में वीरवार को मौसम साफ रहा। हालांकि बुधवार को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश में चार से छह जनवरी तक उच्च और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश व बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। निचले क्षेत्रों में बारिश व ओलावृष्टि हो सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर चार से छह जनवरी तक लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भी अलर्ट जारी कर लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। प्रदेश में सात व आठ जनवरी को भी मौसम खराब रहने की संभावना है। प्रदेश में वीरवार को सबसे कम तापमान केलंग में माइनस 11.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान ऊना में 21.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के छह क्षेत्रों सुंदरनगर, भुंतर, कल्पा, केलंग, मनाली व कुफरी में तापमान माइनस में है।
मनाली में चांदी से चमके पहाड़
वीरवार सुबह धूप खिलते ही बर्फ से लदे पर्यटन नगरी मनाली के पहाड़ चांदी सा निखर उठे। सैलानियों ने सुबह के समय खिली धूप के बीच सोलंगनाला पर्यटन स्थन का रूख किया। बुधवार को हुई ताजा बर्फबारी से सोलंगनाला सहित अंजनी महादेव, फातरू, हामटा और कोठी की वादियां चांदी सा निखर उठी है।
सैलानियों ने इन वादियों में दस्तक देकर बर्फ की सफेदी को कैमरे में कैद किया। सैलानियों के सोलंगनाला पहुंचते ही साहसिक खेलों की धूम मच गई। वीरवार को सोलंगनाला पहुंचकर सैलानियों ने पैराग्लाइडिंग सहित स्नो स्कूटर, माउंटेन बाइक, घुडसवारी, फोटोग्राफी, स्नो स्लेज, स्कीइंग जैसी पर्यटन की साहसिक गतिविधियों का आनंद लिया। मनाली में चल रहे विंटर कार्निवाल से रौनक दो गुना हो गई है।
वीरवार को सोलंगनाला कोठी गए सैलानियों को कुछ घंटे ट्रैफिक जाम में भी फंसना पड़ा लेकिन सैलानियों ने बिछी बर्फ की सफेदी का भरपूर आनंद उठाया। मनाली के सभी स्नो प्वाइंटों में सैलानियों की चहल कदमी बढ़ी हुई है। दोपहर बाद पर्यटन नगरी एक बार बादलों से घिर गई है। पल पल रंग बदल रहे मौसम से सभी की दिक्कतें बढी है। मौसम के हालात ऐसे ही रहे तो पहाडों में बर्फबारी का क्रम शुरू हो जाएगा। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने बताया कि क्रिसमस के बाद मनाली में सैलानियों की संख्या में इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि इन दिनों मनाली में सैलानियों की संख्या बढी है। सैलानी पर्यटन स्थलों में बिछी बर्फ का आनंद उठा रहे है।