Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    हिमाचल के लाहौल स्पीति में दर्दनाक हादसा, खाई में गिरा यात्रियों से भरा ट्रैवलर; दो लोगों की मौत और कई घायल

    Updated: Tue, 17 Jun 2025 10:40 AM (IST)

    Himachal Accident News हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में एक टेम्पो ट्रैवलर के खाई में गिरने से बड़ा हादसा हुआ। कोकसर-रोहतांग रोड पर ग्रामफू के पास हुए इस हादसे में 2 लोगों की मृत्यु हो गई और 22 लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार ट्रैवलर में 24 लोग सवार थे। घायलों को मनाली के अस्पताल में रेफर किया गया है।

    Hero Image
    लाहौल-स्पीति जिले में एक टेंपो ट्रैवलर खाई में गिर गया (सोशल मीडिया फोटो)

    जागरण संवाददाता, मनाली।  हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में एक टेंपो ट्रैवलर खाई में गिर गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा घायल हो गए। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार शाम कोकसर-रोहतांग रोड पर ग्रामफू के पास यह हादसा हुआ। ट्रैवलर में कुल 24 लोग सवार थे, इनमें दो की मौत हो चुकी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद मनाली के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। मृतकों की पहचान हरियाणा के करनाल निवासी मोनिका (28) और फरीदाबाद निवासी रवि मेहता (32) के रूप में हुई है। घायल हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, पंजाब, बिहार और उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे।

    पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रश्मि शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ड्राइवर की ओर से चूक हुई है। आगे की जांच जारी है। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य में मदद की।

    घायलों का इलाज जारी

    घायल पर्यटकों का मनाली के मिशन व सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। मिशन में दाखिल तीन नन्हे बच्चों सहित पांच पर्यटकों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मनाली प्रशासन हरकत में आ गया था। प्रशासन ने मिशन अस्पताल व सिविल अस्पताल प्रवंधन को घायल पर्यटकों के इलाज के लिए पहले ही तैयार कर दिया था।

    घायलों के आते ही उपचार का क्रम शुरू हो गया। यहां दिक्कत नाम व पते की हुई। सभी पर्यटक अलग-अलग थे। मिशन अस्पताल प्रबंधन  बिना नाम की जानकारी मिले इलाज शुरू किया। सुबह जब अधिकतर पर्यटकों की हालात में सुधार हुआ तो प्रशासन ने उनकी समस्त जानकारी जुटाई।

    200 फीट नीचे गिरा टैम्पो

    हरियाणा के सोनीपत नंबर (HR69F-3333) का एक टैम्पो ट्रैवलर सड़क से करीब 200 फीट नीचे गिरकर पलट गया था। एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा ने बताया कि सभी घायलों का मनाली के सिविल अस्पताल व गंभीर रूप से घायल नौ पर्यटकों का मिशन अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में लगभग 5 साल की जुड़वां लड़कियां व दो साल का लड़का भी शामिल हैं।