बर्फीली वादियों में साहसिक खेलों का रोमांच
शुक्रवार को धूप खिलते ही मनाली पहुंचे पर्यटकों ने ठंड से राहत
जागरण संवाददाता, मनाली : शुक्रवार को धूप खिलते ही मनाली पहुंचे पर्यटकों ने ठंड से राहत की सांस ली है। पर्यटन स्थल सोलंगनाला भी तीन दिन बाद पर्यटकों के लिए बहाल हो गया है। सोलंगनाला में डेढ़ फीट बर्फ के ऊपर सैलानियों का मेला लग गया है। सुबह धूप खिलते ही मनाली सहित लाहुल घाटी के बर्फ से लदे पहाड़ निखर उठे। एक सप्ताह लगातार हिमपात होने से रोहतांग में चार फीट से अधिक बर्फ के ढेर लग गए हैं। अधिक बर्फबारी होने से रोहतांग दर्रा सैलानियों के लिए बंद कर दिया है।
बर्फबारी के बाद मनाली में सैलानियों की भीड़ बढ़ने लगी है। ग्रीन टैक्स बैरियर का आंकड़ा भी धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगा है। शुक्रवार सुबह ही पर्यटन स्थल सोलंगनाला में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सैकड़ों वाहनों ने नेहरूकुंड में दस्तक दी, लेकिन दोपहर 12 बजे ही प्रशासन ने पर्यटकों को सोलंग तक जाने की अनुमति दी। इससे कुछ घंटे के लिए ट्रैफिक जाम भी लगा रहा। पर्यटकों ने खिली धूप में सोलंगनाला, अंजनी महादेव और फातरू की पहाड़ियों में बर्फ के बीच खेलने का आनंद उठाया। सोलंगनाला में स्नो स्कूटर, पैराग्लाइडिग व फोटोग्राफी उनकी पहली पसंद बनी हुई है। अंजनी महादेव में घुड़सवारी का आनंद उठा रहे हैं। पैराग्लाइडर पायलट रोशन, दीपक, राहुल व शिवा ने बताया कि शुक्रवार को सोलंग की बर्फ से लदी वादियों में सैलानी पैराग्लाइडिग का आनंद ले रहे हैं। फोटोग्राफर यूनियन के अध्यक्ष दुर्गा ने बताया कि पर्यटक साहसिक खेलों का आनंद लेने के साथ फोटोग्राफी को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।
सोलंगनाला से आगे न जाएं पर्यटक : एसडीएम
एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने कहा कि मौसम खुलने के बाद पर्यटन स्थल सोलंगनाला बहाल कर दिया है। सैलानियों से आग्रह है कि वह सोलंगनाला से आगे न जाएं। भारी बर्फबारी होने से अटल टनल यातायात के लिए बंद है। सड़क बहाल होने और हालात सामान्य होते ही अटल टनल भी पर्यटकों के लिए खोल दी जाएगी।