खत्म हुआ इंतजार, अब सैलानी कर सकेंगे रोहतांग का दीदार
रोहतांग जाने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर प्रशासन ने पहली जून से सैलानियों को रोहतांग दर्रे पर जाने की अनुमति दे दी है।
मनाली, जेएनएन। रोहतांग दर्रे का दीदार करने के शौकीन सैलानियों का इंतजार शनिवार को खत्म हो जाएगा। इस बार रोहतांग दर्रे में चार से छह फीट बर्फ अभी भी है। देशभर के सैलानी रोहतांग बहाली का इंतजार कर रहे थे। हालांकि पर्यटक मढ़ी के ब्यासनाला व सागु में बर्फ के बीच 20 दिन से अठखेलियां कर रहे हैं, लेकिन रोहतांग दर्रे का अलग ही नजारा है। प्रशासन ने पहली जून से सैलानियों को रोहतांग दर्रे पर जाने की अनुमति दे दी है।
रोहतांग दर्रे में सड़क के दोनों ओर बर्फ की ऊंची दीवारें खड़ी हैं। कई स्थानों में ट्रैफिक वन वे है ऐसे में सभी वाहन एक साथ रोहतांग नहीं जा सकते। प्रशासन ने गुलाबा व मढ़ी से वाहनों को दो शिफ्टों में भेजने का निर्णय लिया है। सुबह के समय लगभग 600 वाहन भेजे जाएंगे जबकि तीन घंटे बाद दूसरी शिफ्ट भेजी जाएगी।
मढ़ी से नियंत्रित होगा यातायात
रोहतांग दर्रे में पार्किंग को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने गुलाबा व मढ़ी में बैरियर स्थापित किया है। पर्यटक वाहनों को इन बैरियर से ही नियंत्रित किया जाएगा। लाहुल जाने वाले वाहन बिना रुके रोहतांग पार करेंगे।
ब्लैकलिस्ट होंगे अवहेलना करने वाले : एसडीएम
एसडीएम मनाली अश्वनी कुमार ने बताया कि लाहुल की ओर जाने वाले पर्यटकों को एक दिन लाहुल में ठहरना जरूरी होगा। लाहुल के नाम पर परमिट लेने वाले पर्यटक वाहन उसी दिन वापस आते हैं तो पर्यटक वाहन ब्लैकलिस्ट कर दिए जाएंगे। प्रतिदिन परमिट प्राप्त 1300 वाहन ही जा सकेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप