रोहतांग सहित ऊंची चोटियों में हिमपात, घाटी में छाए बादल
पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में सोमवार सुबह से ही बर्फबारी का दौर जारी है, घाटी में भी बादल छाए हुए हैं।
मनाली, जेएनएन। देश व दुनिया के सैलानियों के लिये पहली पसंद रहने वाले पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में सोमवार सुबह से ही रुक रुक कर बर्फ़बारी का दौर जारी है। पहाड़ों में बर्फ के फाहे गिरने का दौर जारी है जबकि घाटी में बादल छाए हुए है। लगातार हो रही बर्फबारी से लाहुल व मनाली की वादिया बर्फ से लद गई है। मनाली के सभी पर्यटन स्थलों ने भी बर्फ की चादर ओढ़ ली है। सर्दियों में सैलनियों कई पहली पसंद रहने वाले सोलंगनाला में भी 3 फीट से अधिक बर्फ गिरी हुई है।
पर्यटन नगरी मनाली में पल-पल बदल रहे मौसम ने स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों की दिक्कते बढ़ा दी है। दोपहर बाद बादलों के बीच हल्की धूप भी खिली। इन दिनों नेहरुकुण्ड व पलचान सहित पर्यटन स्थल सोलंगनाला में सैलानियों का मेला लगा हुआ है। सैलानी बर्फ के बीच बर्फ़ीली खेलों का आनंद ले रहे हैं। सैलानी बर्फ की वादियों में पैराग्लाइडिंग सहित घुडसवारी, माउंटेंन बाइक, स्नो स्कूटर सहित अनेकों बर्फ की खेल का आनंद ले रहे हैं।
पर्यटन कारोबारी सुरेंद्र और हीरा लाल ने बताया कि सोमवार को सेंकडो पर्यटको में सोलंगनाला में दस्तक दी। उन्होंने बताया कि सैलानियों ने दिन भर बादलों के बीच बर्फ का आनंद लिया। उन्होंने बताया कि पर्यटन स्थलों में पर्यटको से रौनक जारी है। डीएसपी शेर सिंह ने बताया कि ट्रेफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के बेहतर प्रयास किये जा रहे है। उन्होंने बताया कि सैलानी पर्यटन स्थलों में बर्फ का आनंद ले रहे है।