रोहतांग दर्रे में आधा फीट हिमपात, लाहुल में फंसे कई पर्यटक
वाहनों के लिए बंद हुआ रोहतांग, कोकसर व गुलाबा में रोके वाहन एचआरटीसी ने भी बंद की सेवाएं।
मनाली, जेएनएन। लाहुल को कुल्लू से जोड़ने वाले रोहतांग दर्रे ने आधा फुट बर्फ की मोटी चादर ओढ़ ली है। रोहतांग दर्रे में बर्फबारी होने से दर्रा वाहनों के लिए बंद कर दिया है। मनाली केलांग मार्ग पर भी वाहनों के पहिए जाम हो गए है। जिला मुख्यालय केलांग में भी सुबह से बर्फबारी हो रही है। यहां अबतक दो इंच से अधिक बर्फबारी हो चुकी है। बर्फबारी होते देख लाहुल घाटी में भी बस सेवा बंद कर दी है।
बर्फबारी के कारण रोहतांग दर्रा बंद होने से लाहुल के कोकसर सहित कुछ और स्थानों में 60 पर्यटक फंस गए थे। इनमें कुछ पर्यटक जांस्कर से आ रहे थे। इन पर्यटकों को लाहुल प्रशासन ने रोहतांग सुरंग से सुरक्षित मनाली पहुंचा दिया है। इसके अलावा कुछ स्थानों में पता लगाया जा रहा है कि कहीं कोई पर्यटक फंसा तो नहीं है।
रोहतांग दर्रे में अब तक आधा फीट, राहनीनाला में 4 इंच, मढी में 3 इंच, ब्यासनाला, चुंबक मोड़, राहलाफाल, फातरु ओर गुलाबा में 2 से अधिक हिमपात हुआ है। मनाली घाटी में बारिश का क्रम शुरू हो गया है। पहाड़ों में बर्फबारी व घाटी में बारिश होने से ठंड बढ़ गई है।
लाहुल के कोकसर, सिसु, गोंदला, दालग, मुलिंग, तांदी और गोशाल में 2 से 3 इंच तक बर्फबारी हो चुकी है। उधर, हिमाचल के किन्नौर, चंबा व कांगड़ा के ऊंचाई वाले स्थानों में भी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है।
जिला मुख्यालय केलांग में भी 2 इंच हिमपात हुआ है। लाहुल के दारचा, जिस्पा, नेनगार, गवाड़ी, चौखंग में भी 3 इंच से अधिक हिमपात हो चुका है। लाहुल की पटन, चंद्रा, गाहर ओर तोत वैली ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। रोहतांग दर्रे में बर्फबारी होने से सेंकडो वाहन लाहुल घाटी में फंस गए है। बारालाचा दर्रे में हो रही बर्फबारी से मनाली लेह मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही बन्द हो गई है। वीरवार को दर्जनों वाहन सुरक्षित लेह पहुंच गए है। रोहतांग में बर्फबारी होती देख मनाली प्रशासन ने दर्रा सैलानियों के लिए भी बंद कर दिया है। सुरक्षा की दृष्टि से सैलनियों के वाहनो को गुलाबा वेरियर में रोक लिया गया है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने कहा कि पहाड़ो पर हो रही बर्फबारी से दीवाली के दौरान सैलनियो की आमद बढ़ने की उम्मीद है।
एचआरटीसी के आरएम मंगल चन्द मनेपा ने बताया कि बर्फबारी होती देख लाहुल घाटी में बस सेवा बन्द कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कुल्लू से लाहुल आने वाली बसों को भी मनाली में रोक लिया गया है। बीआरओ कॉमंडर ए के अवस्थी ने बताया कि बर्फबारी से रोहतांग मार्ग पर उनका कार्य प्रभावित हुआ है।
मनाली एसडीएम रमन घरसँगी ने बताया कि रोहतांग दर्रे में आधा फुट हिमपात हो चुका है। बर्फबारी को देखते हुए रोहतांग मार्ग सभी वाहनो के लिए बन्द कर दिया है। उन्होंने बताया कि सैलानियों को भी गुलाबा वेरियर से आगे नही भेजा जा रहा है। एसडीएम ने कहा कि रोहतांग में सैलानियों का आगमन मौसम पर निर्भर रहेगा।