हिमाचल की ऊंची चोटियों में रुक-रुक कर बर्फ़बारी, शीतलहर का प्रकोप जारी
snowfall in Himachal हिमाचल की ऊंची चोटियों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है, मनाली के रोहतांग दर्रे सहित समस्त ऊंची चोटियों में हल्के हिमपात का क्रम जारी है।
मनाली, जसवंत ठाकुर। बुधवार को प्रदेश की ऊंची चोटियों में रुक-रुक कर बर्फ के फाहे गिरने का दौर जारी है। चोटियों पर हो रही बर्फ़बारी से प्रदेश के अधिकतर हिस्से में शीतलहर जारी है। लाहुल घाटी सहित पर्यटन नगरी मनाली में पिछले चार दिनों से बादलों ने डेरा डाला हुआ है हालांकि इस बीच घाटी में बर्फ नहीं गिरी है लेकिन पहाड़ों सहित मनाली के अधिकतर पर्यटन स्थलों में रुक-रुक कर हिमपात हो रहा है।
मनाली के रोहतांग दर्रे सहित समस्त ऊंची चोटियों में हल्के हिमपात का क्रम जारी है। मनाली घाटी में भी बादल छाए हुए है। लगातार खराब चल रहे मौसम ने सभी की दिक्कतों को बढ़ाया है। लगातार बादल छाए रहने से शीतलहर जारी है। लाहुल घाटी की समस्त चोटियो में भी रुक-रुक कर बर्फ के फाहे गिर रहे है। घाटी की अधिकतर सड़कों को बीआरओ में बहाल कर लिया है। केलांग सिसु मार्ग बहाली ही अभी शेष रह गई है। लाहुल घाटी में फागली उत्सव की धूम जारी है। लोग एक दूसरे को नव वर्ष की बधाई दे रहे हैं।
सैलानियों का मनाली आना जारी
सर्दियों में लगातार हो रही बर्फ़बारी से मनाली से सैलानियों से रौनक जारी है। सैलानियों का लगातर मनाली आना लगा हुआ है। जनवरी महीने में रौनक ठीक रहिंज जबकि फरवरी महीने में भी सैकडों सैलानी मनाली की बर्फ़ीली वादियों में सुहावने मौसम का आनंद ले रहे हैं। पर्यटन स्थल सोलंगनाला फातरु व अंजनीमहादेव में हर रोज बर्फ के फाहे गिर रहे हैं जिसका सैलानी भरपूर आनंद ले रहे हैं। मनाली एसडीएम रमन घरसंगी ने बताया कि मौसम की परिस्थितियों पर नजर रखी जा रही है।
नेहरुकुण्ड में बर्फ़ीली खेलों की धूप
मनाली के पर्यटन स्थलों में सैलनियों की चहलकदमी जारी है। सैलानी पर्यटन स्थलों में बर्फ़ीली खेलों का आनंद ले रहे हैं। कई दिनों से सैलानी नेहरुकुण्ड में ही बर्फ का आनंद ले रहे हैं लेकिन मौसम ठीक रहा तो कल से सोलंगनाला सैलनियों के लिए बहाल हो जाएगा।