रोहतांग सुरंग में कार्यरत कर्मचारी की अचानक छाती में दर्द उठने से मौत, उत्तराखंड का रहने वाला था जीत सिंह
रोहतांग सुरंग परियोजना में कार्यरत बीआरओ कर्मचारी की छाती में अचानक दर्द उठने से मौत हो गई।
मनाली, जेएनएन। रोहतांग सुरंग परियोजना में कार्यरत बीआरओ कर्मचारी की छाती में अचानक दर्द उठने से मौत हो गई। 52 वर्षीय जीत सिंह पुत्र गोडा सिंह निवासी गांव व डाकघर लाखी तहसील व जिला चमोली उत्तराखंड रोहतांग सुरंग परियोजना में सोलंगनाला में कार्यरत था। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जीत सिंह को आज सुबह सोलंगनाला स्थित निवास में छाती में अचानक दर्द उठी।
थोड़ी देर बाद जीत सिंह बीआरओ के एमआई रूम में बेहोश हो गया। साथियों ने उसे मिशन अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में पहुंचते ही डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। डीसीपी मनाली शेर सिंह ने बताया पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया मृतक के परिवार के सदस्यों को सूचित कर दिया गया है। शव को मनाली के शव गृह में रखा गया है।
परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में पोस्टर्माटम के बाद शव उन्हें सौंप दिया जाएगा। मनाली समेत रोहतांग सुरंग के आसपास के इलाके में इन दिनों भारी बर्फबारी के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां जरा सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है। कर्मचारी की मौत का क्या कारण रहा है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।