रोहतांग दर्रे में नाममात्र बर्फ में मन बहला रहे पर्यटक, होटल और गेस्ट हाउस में बढ़ी ऑक्यूपेंसी
सप्ताहांत पर कुल्लू-मनाली में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी है, जहां रोहतांग दर्रे पर नाममात्र बर्फ होने के बावजूद पर्यटक खूब मन बहला रहे हैं।

रोहतांग पहुंचे पर्यटक (जागरण फोटो)
HighLights
सप्ताहांत पर कुल्लू-मनाली में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी।
रोहतांग दर्रे पर नाममात्र बर्फ में भी पर्यटक कर रहे मस्ती।
स्थानीय कारोबारी दिसंबर में अच्छी बर्फबारी की उम्मीद कर रहे।
जागरण संवाददाता, मनाली। सप्ताहांत के चलते कुल्लू-मनाली में पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी है। होटल, गेस्ट हाउस और होम स्टे में ऑक्यूपेंसी बढ़ गई है, वहीं मनाली-मॉल रोड, हिडिम्बा मंदिर, वशिष्ठ और सोलंगनाला में दिनभर पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही।
सबसे ज्यादा रौनक रोहतांग दर्रे पर देखने को मिली। शनिवार को साढ़े पांच से अधिक पर्यटक वाहन रोहतांग पहुंचे। हालांकि इस बार दर्रे में नाममात्र ही बर्फ बची है, फिर भी पर्यटक उसी थोड़ी सी बर्फ में खूब मन बहला रहे हैं। बर्फ के छोटे-छोटे पैच पर पर्यटक फोटो खिंचवाते, बर्फ के गोले बनाते और एक-दूसरे पर बर्फ फेंकते नजर आए।
घुड़सवारी पर्यटकों का पसंदीदा खेल बना
रोहतांग में स्नो ट्यूब व घुड़सवारी पर्यटकों की पसंदीदा खेल बना हुई है। बच्चे और युवा स्नो ट्यूब पर बर्फ में फिसलने का आनंद ले रहे हैं, तो वहीं घुड़सवारी कर दर्रे के नजारों का लुत्फ उठा रहे हैं। स्थानीय घुड़सवार और स्नो ट्यूब संचालकों के चेहरे भी पर्यटकों की आमद से खिले हुए हैं।
पर्यटक कारोबारियों का कहना है कि इस बार नवंबर के अंत तक भी अच्छी बर्फबारी नहीं हुई है। सभी को अब जमकर हिमपात का इंतजार है।
खूबसूरती और ठंडी हवाओं ने मोह लिया मन
दिल्ली से आए पर्यटक मुकेश, दीपक व अभिनव ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि रोहतांग में बर्फ ही बर्फ मिलेगी, लेकिन नाममात्र बर्फ होने के बावजूद दर्रे की खूबसूरती और ठंडी हवाओं ने उनका मन मोह लिया है। पर्यटन कारोबारियों इंद्र ठाकुर, दिले राम व पंकज ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि दिसंबर में होने वाली बर्फबारी से पर्यटन सीजन को और रफ्तार मिलेगी।
एसडीएम मनाली गुंजीत सिंह चीमा ने बताया कि प्रशासन जल्द ही रोहतांग दर्रे का दौरा करेगा और हालात का जायजा लेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में रोहतांग की बहाली मौसम पर निर्भर रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।