बर्फबारी के बाद राेहतांग दर्रा वाहनों के लिए बहाल, सड़क पर बर्फ जमने से सफर जोखिमभरा
बर्फबारी से बंद हुआ रोहतांग दर्रा आज वाहनों के लिए बहाल हो गया। रोहतांग दर्रे में आधा फीट से अधिक बर्फ़बारी हुई है।
मनाली, जेएनएन। बर्फबारी से बंद हुआ रोहतांग दर्रा आज वाहनों के लिए बहाल हो गया। रोहतांग दर्रे में आधा फीट से अधिक बर्फ़बारी हुई है। दर्रे में राहनीनाला की अपेक्षा राक्षी ढांक की ओर बर्फ़बारी अधिक हुई है। हालांकि मनाली प्रशासन ने बीआरओ और स्थानीय युवाओं के सहयोग से रोहतांग दर्रे में फंसे 150 वाहनों को कल की निकाल लिया था, जिससे सड़क भी बहाल हो गई थी। लेकिन अधिकतर लोगों ने मनाली और कोकसर में ही शरण ले रखी थी। आज सुबह मौसम साफ होता देख दोनों ओर से 100 से अधिक वाहनों सहित एचआरटीसी की बसों ने रोहतांग दर्रे को आर-पार किया।
सर्दियों को देखते हुए अब खाद्य सामग्री सहित जीवन यापन की सभी जरूरी चीजों के भंडारण का क्रम भी शुरू हो गया है। मंगलवार होने के चलते रोहतांग दर्रा सैलानियो के लिये बंद है। लेकिन 100 से अधिक छोटे व बड़े वाहनों ने दर्रे को आर पार किया है। हालांकि, मनाली से लाहुल जाने वाले लोगों की संख्या कम है। लेकिन लाहुल से मनाली आने वालों की तादाद अधिक है। कुल्लू में दशहरे के आगाज होने से लाहुल की ओर से लोगों का कुल्लू आने का दौर लगातार जारी है। मनाली से लाहुल गए अशोक, राजू और दीपक ने बताया कि सड़क तो बहाल हो गई है लेकिन सड़क किनारे बर्फ जम जाने से जोखिम बढ़ गया है।
उन्होंने बताया धूप लगने के बाद सफर सुरक्षित है। सुबह व शाम को वाहन स्किड हो रहे हैं। बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया बीआरओ ने सड़क बहाल कर ली है। उन्होंने कहा मनाली दारचा के बीच बीआरओ का सड़क निर्माण कार्य जारी है। मनाली एसडीएम रमन घरसंगी ने बताया आज मंगलवार को बीआरओ का मेटिनेश-डे है, जिस कारण सैलानियों के लिए आज रोहतांग दर्रा बंद रहा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि मौसम के हालात जानकर ही दर्रे को आर पार करें।