Himachal Tourism: रोहतांग पास बना सैलानियों के पहली पसंद, 23 जून तक वाहनों के आनलाइन परमिट हुए फुल
Rohtang Pass बर्फ से लदा रोहतांग पास सैलानियों के पहली पसंद बन गया है। मनाली आने वाला हर पर्यटक रोहतांग को प्राथमिकता दे रहा है। रोहतांग की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि रोहतांग जाने के लिए आनलाइन मिलने वाले परमिट 23 जून तक बुक हो गए हैं।

मनाली, जागरण संवाददाता: बर्फ से लदा रोहतांग पास (Rohtang Pass) सैलानियों के पहली पसंद बन गया है। मनाली आने वाला हर पर्यटक रोहतांग को प्राथमिकता दे रहा है। रोहतांग की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि रोहतांग जाने के लिए आनलाइन मिलने वाले परमिट 23 जून तक बुक हो गए हैं। बिना परमिंट बुक किए बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को अपने वाहन में जाने का मौका नहीं मिल रहा है लेकिन उन्हें आसानी से पर्यटक वाहन मिल रहे हैं।
इस बार अधिकतर समय मनाली सहित मैदानी क्षेत्रों में मौसम ठंडा रहा है जिस कारण समर सीजन में उम्मीद से कम पर्यटकों ने दस्तक दी है। हालांकि स्तरीय होटलों ने 100 प्रतिशत के आंकड़े को छू लिया है लेकिन आम होटल 80 से 85 प्रतिशत से आगे नहीं बढ़ पाए हैं।
पर्यटकों का सैलाब नहीं उमड़ा
बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों का आंकड़ा भी 4000 से नीचे रहा है मात्र नौ जून को ही 4100 के लगभग पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे हैं। टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष पूर्ण चंद पोहलु ने बताया कि पर्यटन कारोबार बेहतर चल रहा है लेकिन इस बार पर्यटकों का सैलाब नहीं उमड़ा है। उन्होंने बताया कि जिन पर्यटकों को ऑनलाइन परमिट नहीं मिल रहे हैं उन्हें परमिट प्राप्त टैक्सी यूनियन के वाहन सेवाएं दे रहे हैं।
यूनियन के पर्यटक वाहन दे रहे हैं सेवाएं
उन्होंने बताया कि रोहतांग सहित लाहुल के चन्द्रताल, कोकसर, जिस्पा, बारालाचा व कुंजम दर्रे में भी यूनियन के पर्यटक वाहन सेवाएं दे रहे हैं। यूनियन की ओर से पर्यटकों को बेहतरीन सेवाएं देने के प्रयास किए जा रहे हैं। एसडीएम मनाली रमण शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन परमिट प्राप्त 1200 पर्यटक वाहन रोहतांग भेजे जा रहे हैं। पर्यटक भी आन लाइन परमिट लेकर रोहतांग जा सकते हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।