उत्तराखंड में नाम रोशन कर रही मनाली की भारती
मनाली के नग्गर खंड से नथान सेरी गांव की होनहार बिटिया भारती उत्तराखंड में कुल्लू मनाली का नाम रोशन कर रही है।
जागरण संवाददाता, मनाली : मनाली के नग्गर खंड के नथान सेरी गांव की होनहार बिटिया भारती उत्तराखंड और देश में हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन कर रही है। भारती उत्तराखंड के हरिद्वार में देव संस्कृति विश्वविद्यालय में बीएससी कर रही है। भारती ने 26 जनवरी को दिल्ली के राजपथ में परेड में भाग लेकर कुल्लू मनाली का नाम रोशन किया है।
भारती ने दैनिक जागरण से दूरभाष पर बताया कि वह कुछ ही दिन के अवकाश पर अपनी माता व पिता से मिलने आएंगी। भारती की माता कमला व पिता अनोत राम ने कहा कि बेटी के इस उपलब्धि से वे बहुत खुश हैं। भारती ने बताया कि वह भारतीय सेना का हिस्सा बनकर देश सेवा करना चाहती है। उन्होंने बताया कि देशभर से 200 स्वयंसेवियों का चयन 26 जनवरी के लिए हुआ था। दिल्ली के इंटरनेशनल यूथ हॉस्टल चाणक्यपुरी में विशेष प्रशिक्षण लेने का अवसर मिला। भारती ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद 148 स्वयंसेवियों ने परेड में भाग लिया, जिसमें वह भी शामिल थीं। इस दौरान उन्हें राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय मंत्रियों से मिलने का मौका मिला। दूसरी ओर मनाली के हरिपुर कॉलेज के सुमित ठाकुर ने पहली बार दिल्ली परेड में भाग लिया। इसी कॉलेज के स्वयंसेवी ओम प्रकाश व जय राज ने भी इसमें भाग लिया।