पार्टी चिह्न पर नहीं होने चाहिए पंचायत चुनाव : ठाकुर
पंचायतीराज चुनाव पार्टी सिबल पर नहीं होने चाहिए पंचायतों के चुनावों का राजनीतिकरण लोकतंत्र के लिए घातक है।
संवाद सहयोगी, कुल्लू : पंचायतीराज चुनाव पार्टी चिह्न पर नहीं होने चाहिए, पंचायतों के चुनाव का राजनीतिकरण लोकतंत्र के लिए घातक है। इससे आपसी भाईचारा और सौहार्द खटास पैदा होती है। यह बात ऑल इंडिया पंचायत परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व बागवानी मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर ने पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस पर राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश सरकार से मांग है कि पंचायतीराज चुनावों को बिना पार्टी चिह्न ही करवाएं।
सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि ऑल इंडिया पंचायत परिषद एक गैर राजनीतिक संगठन है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबोध कांत सहाय का उन्हें उपाध्यक्ष बनाए जाने पर आभार प्रकट किया। कहा कि इस संगठन की कार्य कुशलता के कारण ही पंचायतीराज को इतनी शक्तियां मिली हैं और भविष्य में भी संगठन सरकार से मिलकर पंचायतीराज को और मजबूत करने को लेकर कार्य करेगा। सत्य प्रकाश ठाकुर ने कहा कि जिला परिषद व पंचायत समिति का बजट बंद कर दिया गया था, लेकिन संगठन ने इसके लिए लंबी लड़ाई लड़ी और अब 15वें वित्त आयोग ने इस समस्या को समझा और यह बजट बहाल किया है।
उन्होंने सरकार से पंचायतीराज के प्रतिनिधियों का मानदेय बढ़ाने की भी मांग की। प्रदेश अध्यक्ष प्रेमलता ठाकुर ने जिला कांगड़ा से लेखराज राणा और बिलासपुर से सुभाष ठाकुर को पंचायत परिषद का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया। प्रेमलता ठाकुर ने बताया कि परिषद का अगला सम्मेलन कांगड़ा में होगा। इस दौरान रमेश भाऊ, लेखराज राणा, शशि पाल, मोहम्मद गुलजार, भारती व ईशरा ठाकुर मौजूद रहीं।