पर्यटन नगरी मनाली जा रहे हैं तो बदल लें रास्ता, टोल प्लाजा के विरोध में सैकड़ों लोगों ने जाम किया हाईवे
Manali Kullu Highway राष्ट्रीय राजमार्ग कुल्लू-मनाली पर डोहरनाले में लगे टोल प्लाजा के विरोध में लोग सड़क पर उतर आए हैं।
पतलीकूहल, जेएनएन। राष्ट्रीय राजमार्ग कुल्लू-मनाली पर डोहरनाले में लगे टोल प्लाजा के विरोध में लोग सड़क पर उतर आए हैं। टोल प्लाजा संघर्ष समिति सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न संगठनों से जुड़े लोग टोल प्लाजा हटाने की मांग कर रहे है। लोगों को सड़क पर बैठने से कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग में ट्रैफिक प्रभावित हो गया है। हालांकि वाम तट मार्ग में ट्रैफिक सुचारू है लेकिन नेशनल हाइवे में ट्रेफिक के प्रभावित होने से पर्यटकों की दिक्कत बढ़ गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने को पुलिस बल भी तैनात है। लोग टोल प्लाजा को हटाने की मांग कर रहे हैं।
टोल प्लाजा संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजगीर महंत सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए हैं। सभी लोग टोल प्लाजा को हटाने की मांग कर रहे हैं। मौके पर मौजूद डीएसपी शेर सिंह ने बताया पर्यटकों की परेशानी को देखते हुए उन्हें पतलीकूहल से बाया नग्गर कुल्लू भेजा जा रहा है, जबकि मनाली आने वाले वाहनों को भी गेमन पुल से नग्गर पतलीकूहल होते हुए मनाली भेजा जा रहा है।
मनाली आ रहे हैं तो वामतट मार्ग होकर जाएं
अगर आप मनाली जा रहे हैं तो कुल्लू से नेशनल हाईवे के बजाय गेमन पुल से वामतट मार्ग से होकर जाएं। टोल प्लाजा के विरोध में चल रहे धरना प्रदर्शन से राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक जाम है। मनाली से कुल्लू की ओर जा रहे हैं तो पतलीकूहल से नग्गर होकर कुल्लू की ओर निकलें। मनाली में रोजाना सैकड़ों पर्यटक पहुंचते हैं। वीकेंड और सीजन के दौरान तो यह आंकड़ा हजारों में रहता है।
प्रशासन व संघर्ष समिति की वार्ता असफल
प्रशासन की संघर्ष समिति के साथ हुई वार्ता असफल रही। जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम अनुराग चंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे और टोल प्लाजा संघर्ष समिति के सदस्यों व लोगों से बात की। लगभग आधा घंटा चली वार्ता असफल रही। प्रशासन ने विरोध कर रहे लोगों से आग्रह किया कि वो सड़क बहाल कर दें, समस्या का समाधान किया जा रहा है। एसडीएम ने लोगों को अवगत करवाया कि वन परिवहन एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने भी केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी को पत्र लिखा है। दूसरी ओर टोल प्लाजा संघर्ष समिति के सदस्यों ने प्रशासन को चेताया कि अगर उनकी मांगें नही मानी तो वो वामतट मार्ग पर भी धरने पर बैठ कर चका जाम कर देंगे। टोल प्लाजा संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजगीर महंत ने बताया कि प्रशासन और उनके बीच हुई वार्ता असफल हुई है। उन्होंने बताया कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों को नही मानता है तब तक वो अपना धरना प्रदर्शन जारी रखेंगे।