कुल्लू में पागल नाला ने फिर मचाई आफत, सड़क पर जमा हो गया मलबा; 6 घंटे तक फंसे रहे सैकड़ों वाहन
कुल्लू में लारजी-सैंज संपर्क मार्ग पर स्थित पागल नाला भारी वर्षा के बाद फिर उफान पर आ गया। नाले से ...और पढ़ें

कुल्लू के पागल नाला में आए फ्लड से सड़क पर जमा मलबा। जागरण
HighLights
भारी वर्षा से पागल नाला में आया भारी मलबा।
लारजी-सैंज संपर्क मार्ग छह घंटे तक रहा बंद।
विभाग ने मशीनरी से मलबा हटाकर यातायात बहाल किया।
संवाद सहयोगी, सैंज (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश में कुल्लू जिला के लारजी-सैंज संपर्क मार्ग पर स्थित पागल नाला शुक्रवार रात हुई भारी वर्षा के बाद एक बार फिर समस्या बन गया। तेज वर्षा के कारण नाले का बहाव अचानक बढ़ गया और भारी मलबा सड़क पर आ गया, जिससे मार्ग करीब छह घंटे तक पूरी तरह बंद रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गनीमत रही कि सड़क पर कोई वाहन मलबे की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता है। इस नाले पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा भी बहता है, जो बेहद खतरनाक बन जाता है।
कुल्लू से कटा रहा संपर्क
मार्ग बंद होने से सैंज घाटी का जिला मुख्यालय कुल्लू सहित अन्य क्षेत्रों से संपर्क प्रभावित रहा। नौकरीपेशा लोग, मरीज, स्थानीय ग्रामीण और पर्यटक सड़क खुलने का इंतजार करते रहे।
मुसीबत बनता है नाला
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षा होते ही पागल नाला बार-बार उफान पर आ जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
विभाग ने मशीनरी लगाकर हटाया मलबा
सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने बैकहो लोडर (जेसीबी) मौके पर भेजीं और करीब छह घंटे की मेहनत के बाद सड़क पर जमा मलबा हटाकर यातायात बहाल किया। स्थानीय लोगों ने सरकार और प्रशासन से पागल नाला क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा कार्य करवाने की मांग की है।
