मिसेज मनाली हिमाचल प्रतियोगिता के लिए 20 सुंदरियां तैयार
हिमालयन डायमंड अकादमी की एमडी इंद्रा शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में मुंबई के अनुभवी जज सेवाएं दे रहे हैं।
मनाली, जागरण संवाददाता। हिमालयन डायमंड अकादमी द्वारा आयोजित मिसेज मनाली हिमाचल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रदेश की 20 सुंदरियां तैयार हैं। होटल सिंगल में दोपहर बाद इस सौंदर्य प्रतियोगिता का पहला राउंड होगा इस राउंड में परिचय के साथ-साथ कैटवाक किया जाएगा।
हिमालयन डायमंड अकादमी तीसरी बार इस सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। प्रतियोगिता का आयोजन तीसरी बार हो रहा है। पहली बार आयोजित प्रतियोगिता में मनाली की कल्पना ठाकुर और दूसरी बार बिलासपुर की शालू ठाकुर देश-विदेश में हिमाचल का नाम रोशन कर चुकी हैं। सौंदर्य प्रतियोगिता में ऑडिशन द्वारा प्रदेश की 20 सुंदरियों का चयन हुआ है। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मनुरंग शाला में होगा।
हिमालयन डायमंड अकादमी की एमडी इंद्रा शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में मुंबई के अनुभवी जज सेवाएं दे रहे हैं। हिमालयन डायमंड अकादमी के संरक्षक सतीश सूद और प्रवक्ता मोहन सिंह वोक्टापा ने बताया कि शुक्रवार को दूसरा राउंड होटल सिंगल में ही होगा। महिलाओं को मंच प्रदान करने और उनमे छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए ही हिमालयन डायमंड अकादमी ने इस प्रतियोगिता की शुरुआत की है।