मनाली-लेह मार्ग पर घटी वाहनों की आवाजाही
चार महीने तक सैलानियों की आवाजाही से चहकने वाले मनाली-लेह मार्ग पर अब वाहनों की आवाजाही कम हो गई है।
जागरण संवाददाता, मनाली : चार महीने तक सैलानियों की आवाजाही से चहकने वाले मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की रफतार धीमी हो गई है। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) सहित पर्यटन निगम ने भी 15 सितंबर से लेह के लिए बस सेवा बंद कर दी है। पर्यटन स्थल सरचू के व्यवसायियों ने कारोबार समेट लिया है। बारालाचा दर्रे में हल्की बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। लेकिन छोटे वाहनों में लोग लेह-मनाली मार्ग पर सफर कर रहे है। हालांकि बारालाचा दर्रे पर वाहनों की आवाजाही मौसम पर ही निर्भर रहेगी।
लेकिन लेह के लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। बीआरओ के जवान भी बारालाचा दर्रे के आसपास काम को अंजाम दे रहे है। मनाली में सैलानियों से रौनक लौटने लगी है। पश्चिम बंगाल के सैलानियों ने पर्यटन नगरी में दस्तक देना शुरू कर दी है। हालांकि सैलानियों का सैलाब नहीं उमड़ा है लेकिन दशहरा सीजन में कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद है।
सरचू में व्यवसाय करने वाले विशाल व दोरजे ने कहा कि बर्फबारी शुरू होने से उन्होंने सरचू से कारोबार समेट लिया है। वाहन चालक दीपक ने बताया कि बारालाचा दर्रे में बीआरओ के जवान काम को अंजाम दे रहे हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप ठाकुर ने कहा कि मंदी की मार झेल रहे कारोबारियों को दशहरा सीजन में बेहतर कारोबार की उम्मीद है। दशहरा व दीवली सीजन को लेकर सैलानी एडवांस बु¨कग कर रहे हैं।