विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वीकेंड पर मनाली पहुंचे 4000 पर्यटक वाहन, ठंड का अहसास लेने के लिए उमड़ी टूरिस्ट की भीड़; ट्रैफिक जाम

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 03 Oct 2026 12:05 PM (IST)Updated: Sat, 03 Oct 2026 12:45 PM (IST)

वीकेंड की छुट्टियों के कारण मनाली पर्यटकों से गुलजार हो गया है, जहां पड़ोसी राज्यों से 4000 से अधिक वाहन ...और पढ़ें

HighLights

  1. 4000 से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे वीकेंड पर।

  2. मनाली में ट्रैफिक जाम की समस्या गहरा गई पर्यटकों से।

  3. होटलों में 60-70% ऑक्यूपेंसी, कारोबारियों में खुशी का माहौल।

जसवंत ठाकुर, मनाली। वीकेंड पर इक्ट्ठी छुट्टियों के कारण पर्यटन नगरी मनाली एक बार फिर पर्यटकों से गुलजार हो गई है। पड़ोसी राज्यों पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली से भारी संख्या में पर्यटक मनाली पहुंचे हैं। दो दिनों के भीतर चार हजार से अधिक पर्यटक वाहन मनाली पहुंचे हैं। पर्यटक ठंड का अहसास लेने के लिए मनाली पहुंच रहे हैं। बीते दिनों हुई बारिश व बर्फबारी के बाद मनाली में तापमान में काफी गिरावट आ गई है व सुबह-शाम व रात को ठंड पड़ रही है। 

मनाली सहित लाहुल-स्पीति के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की भीड़ उमड़ रही है। रोहतांग सहित लाहुल के पर्यटन स्थलों में बर्फ के दीदार भी हो रहे हैं।

सड़कों पर जाम

वहीं पर्यटकों की भारी भीड़ के कारण मनाली में ट्रैफिक जाम की समस्या भी गहरा गई है। मनाली शहर सहित मनाली-रोहतांग मार्ग और लेफ्ट बैंक मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। शनिवार सुबह भी जाम लग गया। 

यहां पर्यटकों की सबसे ज्यादा भीड़

सबसे ज्यादा भीड़ माता हिडिंबा मंदिर सहित रोहतांग दर्रा, अटल टनल के दोनों छोर, सोलंगनाला, कोकसर में देखने को मिल रही है। रोहतांग दर्रे में पर्यटकों का मेला लगा हुआ है। पर्यटक बर्फ की तलाश में रोहतांग और लाहुल का रुख कर रहे हैं। अटल टनल और सिस्सू में भी पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी है।

होटलों में 70 प्रतिशत तक आक्यूपेंसी

होटलों में भी ऑक्यूपेंसी बढ़ गई है। वीकेंड के चलते होटलों में 60 से 70 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की जा रही है। कई होटल पैक हो गए हैं। होटल कारोबारी पर्यटकों की आमद से गदगद हैं। मनाली के सभी छोटे बड़े होटलों में रौनक छाई हुई है।

मनाली में और बढ़ेंगे पर्यटक

होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि वीकेंड और छुट्टियों के चलते मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ा है। दशहरा से पहले पर्यटन कारोबार में तेजी आई है। आने वाले दिनों में और अधिक पर्यटकों के मनाली पहुंचने की उम्मीद है।

पुलिस जवान तैनात

एसडीएम मनाली गुनजीत सिंह चीमा ने कहा कि मनाली में पर्यटकों का सैलाब उमड़ा है, इस कारण ट्रैफिक जाम की समस्या गहराई है। उन्होंने कहा कि रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बहाल है। पर्यटक ऑनलाइन परमिट प्राप्त कर रोहतांग दर्रे का दीदार कर सकते हैं। पुलिस जवानों को ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए तैनात किया गया है।

यह भी पढ़ें: 'पायलट स्मित मछार को एक करोड़ रुपये और राष्ट्रीय सम्मान', मोदी सरकार से हिमाचल के पूर्व CM शांता कुमार की मांग