'पायलट स्मित मछार को एक करोड़ रुपये और राष्ट्रीय सम्मान', मोदी सरकार से हिमाचल के पूर्व CM शांता कुमार की मांग
हिमाचल के पूर्व सीएम शांता कुमार ने प्रधानमंत्री मोदी से भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार को राष्ट्रीय सम्मान और एक करोड़ रुपये देने का आग्रह किया है।

भारतीय पायलट स्मित मछार।
HighLights
शांता कुमार ने कैप्टन स्मित मछार को राष्ट्रीय सम्मान देने की मांग की।
पायलट ने हमले के बावजूद 174 यात्रियों की जान बचाई।
इजरायली पीएम नेतन्याहू ने भी मछार के साहस की प्रशंसा की।
संवाद सहयोगी, पालमपुर। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मछार को राष्ट्रीय सम्मान देने का आग्रह किया है। शांता कुमार ने कहा कि मोदी सरकार एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देकर सार्वजनिक रूप से सम्मानित करे। उन्होंने कहा कि उड़ान के दौरान गंभीर हमले के बावजूद मछार ने जिस साहस और सूझबूझ का परिचय दिया, उससे विमान में सवार 174 लोगों की जान बचाने में मदद मिली।
स्मित ने अद्भुत साहस दिखाया
शांता कुमार ने कहा कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाई दुबई की उड़ान में भारतीय कैप्टन स्मित मछार पर उनके ओमानी सह-पायलट ने चाकू से हमला कर दिया। हमले के दौरान विमान कुछ नीचे चला गया, लेकिन मछार ने खुद को संभालते हुए स्थिति पर नियंत्रण बनाए रखने का प्रयास किया।
नेतन्याहू ने भी की प्रशंसा
उन्होंने कहा कि 174 यात्रियों की जान बचाना बहुत बड़ी बात है और इस घटना में पायलट ने असाधारण साहस का परिचय दिया। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन मछार की बहादुरी की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की है।
यात्रियों और चालक दल के अन्य सदस्यों ने भी हस्तक्षेप कर हमलावर को काबू किया। उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा गया। शांता कुमार ने कहा कि ऐसे असाधारण साहस के लिए कैप्टन स्मित मछार को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाना चाहिए।
