विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मनाली में बर्फबारी के बीच 16 KM लंबे ट्रैफिक जाम में फंसे पर्यटक, बर्फ पर फिसली गाड़ियां; प्रशासन ने जारी की एडवायजरी

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 24 Jan 2026 11:40 AM (IST)Updated: Sat, 24 Jan 2026 03:23 PM (IST)

Himachal Pradesh Snowfall, मनाली में भारी हिमपात के कारण पतलीकूहल से मनाली तक 16 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया, ...और पढ़ें

मनाली में भारी बर्फबारी के बीच फंसे पर्यटक वाहन।

मनाली में भारी बर्फबारी के बीच फंसे पर्यटक वाहन।

HighLights

  1. मनाली में भारी हिमपात से 16 किमी लंबा जाम।

  2. फंसे पर्यटकों को प्रशासन ने रातभर पहुंचाई मदद।

  3. एसडीएम मनाली ने पर्यटकों के लिए एडवायजरी जारी की।

जसवंत ठाकुर, मनाली। बर्फ के दीवाने पर्यटकों ने मनाली का रुख कर लिया है। हिमपात के कारण शनिवार सुबह पतलीकूहल से मनाली तक 16 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। हिमपात की खबर सुनते ही मैदानी क्षेत्रों से पर्यटकों ने हिमाचल का रुख कर लिया है। शुक्रवार को मनाली आ रहे पर्यटक अभी रास्ते में ही फंसे हुए हैं। मनाली में दो फीट से ज्यादा बर्फ गिर चुकी है 

पर्यटक सड़कों पर होटल खाली

पर्यटक वाहनों से सड़कें जाम हो गईं, जबकि होटल खाली रह गए। हालांकि मनाली के होटलों में 55 से 60 प्रतिशत की आक्यूपेंसी है। भारी हिमपात के कारण शुक्रवार को पर्यटक न तो मनाली से बाहर जा सके न ही मनाली आ सके।

Manali Snowfall traffic

बर्फ पर फिसली गाड़ियां

पतलीकूहल से मनाली तक सबसे अधिक समस्या चढ़ाई वाले क्षेत्रों में हुई। पुलिस स्टेशन से वोल्वो स्टैंड, रांगड़ी, तिब्बतन स्कूल, आलू ग्राउंड व 17 मील में वाहन चालकों को अधिक समस्या हुई। इस स्थानों पर वाहन एक दूसरे से भी टकराए, जिस कारण उन्हें नुकसान भी उठाना पड़ा।

Snowfall Manali

रातभर राहत कार्य में जुटा रहा प्रशासन

पतलीकूहल से मनाली तक 16 किमी लंबे ट्रैफिक जाम को सुचारू करने के लिए प्रशासन रातभर मौके पर डटा रहा। अन्य राज्यों से मनाली आ रहे पर्यटक रातभर गाड़ियों में फंसे रहे। प्रशासन ने हर पर्यटक तक पहुंचने की कोशिश की और उन्हें खाने पीने का सामान मुहैया करवाया।

Manali Traffic jam

सुबह राहत कार्य तेज

एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा स्वयं देर रात तक मौके पर डटे रहे। उन्होंने बताया कि हालांकि मशीनें सड़क बहाली में लगी रहीं, लेकिन हिमपात का क्रम तेज होने से राहत कार्य प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रशाशन ने देर रात तक पर्यटकों तक पहुंचने की कोशिश की और उन्हें राहत पहुंचाई।

Manali Snow

क्या कहते हैं एसडीएम

एसडीएम ने बताया कि सुबह होते ही राहत कार्य तेज कर दिया है। नेशनल हाईवे सहित वाम तट मार्ग को बहाली शुरू कर दी है। मनाली शहर की सड़कों से भी बर्फ हटा ली गई है। जल्द ही पर्यटक अपने गंतव्य तक पहुंच जाएंगे।

Manali Snow fall

पर्यटकों के लिए एडवायजरी 

एसडीएम ने मनाली के होटलों में ठहरे पर्यटकों से आग्रह किया कि हालात सामान्य होने तक होटलों से बाहर न निकलें। बर्फ के ऊपर गाड़ी चलाने से परहेज करें। स्थानीय ड्राइवर के साथ फोर वाई फोर वाहनों में ही सफर करें।