फ्रेश स्नोफॉल के बाद वीकेंड पर मनाली में उमड़े टूरिस्ट, 35 KM दूर स्नो प्वाइंट्स में मस्ती; पुलिस की एडवायजरी जारी
ताजा बर्फबारी के बाद मनाली में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी है, वीकेंड पर 65 से अधिक बसें और हजार ...और पढ़ें

मनाली में
HighLights
ताजा बर्फबारी से मनाली में पर्यटकों की संख्या बढ़ी।
मढ़ी और कोकसर में पर्यटक बर्फ का आनंद ले रहे।
रोहतांग सहित सभी प्रमुख दर्रे पर्यटकों के लिए खुले।
जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई ताजा बर्फबारी के बाद वीकेंड पर मनाली में पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मनाली से लगभग 35 किलोमीटर दूर मढ़ी और कोकसर में स्नो प्वाइंट बन गए हैं, जहां पर्यटक बर्फ का आनंद ले रहे हैं। वीकेंड के कारण शनिवार को 65 से अधिक लग्जरी बसें मनाली पहुंची, जबकि एक हजार से अधिक छोटे पर्यटक वाहन भी पहुंचे।
अन्य राज्यों के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी पर्यटक मनाली घूमने पहुंच रहे हैं, जिससे होटल, टैक्सी और पर्यटन कारोबार में रौनक लौट आई है।
रोहतांग सहित सभी दर्रे बहाल
मनाली से 50 किलोमीटर दूर 13,050 फीट ऊंचा रोहतांग दर्रा भी पर्यटकों के लिए बहाल हो गया है। पर्यटक ऑनलाइन परमिट लेकर गुलाबा-मढ़ी होते हुए रोहतांग जा सकते हैं, जबकि वापसी में कोकसर-अटल टनल और सोलंगनाला होकर मनाली आ सकते हैं। इसी तरह मनाली से 140 किमी दूर शिंकुला और बारालाचा दर्रे भी पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं।
पर्यटक सुबह मनाली से निकलकर शाम तक घूम-फिर कर वापस मनाली आ सकते हैं। लाहुल में दारचा, जिस्पा, केलंग और सिस्सू में भी पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध है।
होटलों में बेहतर ऑक्यूपेंसी
होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि वीकेंड के चलते कुल्लू मनाली में पर्यटकों की आमद बढ़ी है। उन्होंने बताया कि रोहतांग सहित शिंकुला व बारालाचा पर्यटकों के लिए बहाल है। पर्यटक यहां बिना दिक्कत के बर्फ के दीदार कर सकते है। होटलों में बेहतर आक्यूपेंसी चल रही है।
पुलिस की एडवायजरी
डीएसपी केलंग केडी शर्मा ने कहा कि सर्दियों का आगाज हो चुका है और ऊंचाई वाले दर्रों पर कभी भी बर्फबारी राहगीरों की दिक्कत बढ़ा सकती है। इसलिए मौसम की परिस्थितियों को देखकर ही दर्रे पार करें और सुरक्षित सफर के लिए फोर बाई फोर वाहनों का प्रयोग करें।
