बर्फ के दीदार को मनाली चले आए सैलानी, नेहरुकुण्ड बना स्नो प्वाइंट
snowfall in Manali बर्फ से मनाली के पहाड़ लद गये हैं जिससे घाटी में ठंड काफी बढ़ गयी है, ताजा बर्फबारी का मजा लेने पर्यटक यहां खिंचे चले आ रहे हैं।
मनाली, जेएनएन। बर्फ के दीदार करने के शौकीन सैलानी मनाली चले आए। यहां की वादियां भारी बर्फ से लद गई है। चारों ओर बिछी बर्फ की चादर से घाटी की सुंदरता को चार चांद लग गए है। लाहुल को कुल्लू से जोड़ने वाले 13050 फुट ऊंचे रोहतांग दर्रे सहित पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बर्फ के फाहों से पर्यटन नगरी भी सरावोर हुई है। ताजा बर्फबारी होने से पहाड़ ऒर भी आकर्षक हो गए है।
सोमवार को धूप खिलते ही पहाड़ चांदी से निखर उठे। बर्फबारी होने से लाहुल सहित मनाली घाटी में ठंड बढ़ गई है। उधर, रोहतांग दर्रे सहित राहनीनाला, मढ़ी, धुंधी जोत, पतालसू जोत, इंद्र किला, लदाखी पीक, सेवन सिस्टर पीक, हनुमान टिब्बा मकरबे व शिकरबे की पहाड़ियों, भृगु व दशौहर की पहाड़ियों ने भी बर्फ की चादर ओढ़ ली है। मनाली के पर्यटन स्थल नेहरुकुण्ड, पलचान, कोठी, सोलंगनाला, फातरु, अंजनीमहादेव, हामटा और गुलाबा में बर्फ़बारी होने से सभी स्थल बर्फ से लड़ गए है।
लाहुल में बारालाचा दर्रे सहित जिंगजिंगबार, दारचा की पहाड़ियों, मयाड़ घाटी, घेपन पीक, लेड़ी आफ केलंग, कुंजुम जोत, दारचा की पहाडि़यों, शिला पीक, बढ़ा व छोटा शिंगरी ग्लेशियर व नील कंठ जोत सहित समस्त ऊंची चोटियों में बर्फ के ढेर लग गए है। दूसरी ऒर सोमवार को सुबह ही मनाली व आसपास के पर्यटन स्थलों में सैलनियो की चहल कदमी शुरू हो गई।
बर्फ के दीदार व बर्फ़ीली खेलों का आनंद लेने को सैलनियों ने नेहरुकुण्ड व पलचान का रुख किया। आज सैलानियों को बर्फ के दीदार करने दूर नही जाना पड़ा। सैलनियों ने मनाली के नजदीक ही नेहरुकुण्ड में बर्फ का आनंद लिया। फ़ोटो ग्राफर यूनियन के अध्यक्ष दुर्गा दत ने बताया कि नेहरुकुण्ड में सुबह से ही सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने कहा कि सैलानी बर्फ का आनंद ले रहे है और फ़ोटो ग्राफी कर लम्हों को कैमरे में भी कैद कर रहे है। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने कहा कि मनाली व आसपास के क्षेत्रों में बर्फ के ढेर लग गए है। सैलानी आसपास के क्षेत्रों में ही बर्फ का आनंद उठाए। उन्होंने बताया कि मौसम की परिस्थतियों के अनुसार ही सैलनियों को पलचान व सोलंग जाने की अनुमति दी जाएगी।