बर्फबारी से लाहुलवासियों की बढ़ी दिक्कतें, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
Himachal Weather Update लाहुल में हो रही बर्फबारी से लोगों की मुसीबतें बढ़ गई है जिसे देखते हुए प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है।
मनाली, जेएनएन। दिसम्बर महीने में भी मौसम का मिजाज बिगड़ने से लाहुल स्पीति के लोगों की मुसीबत फिर बढ़ी है। दाे दिन से हो रही बर्फ़बारी से चन्द्रा घाटी के लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। आज सुबह से लाहुल का कोकसर और सिसु क्षेत्र बर्फीले तूफान की चपेट में आ गया है। प्रशासन ने मौसम साफ होने तक लोगों को घरों से बाहर न निकलने का आग्रह किया है।
नवंबर के पूरा महीना बर्फबारी और कड़ाके की ठंड में बीत गया, वहीं दिसम्बर के महीने में भी कुदरत मेहरबान नहीं है। वीरवार से घाटी में भारी बर्फबारी के दौर जारी है और शुक्रवार को भी पूरे इलाके में हिमपात हो रहा है। जिससे कि घाटी के मुख्य मार्ग समेत सभी सम्पर्क मार्ग बंद हो गया है। रोहतांग से सटे गांव कोकसर में 48 घंटों में 60 सेंटीमीटर से अधिक बर्फ रिकॉर्ड की गई, जबकि विश्व प्रसिद्ध रोहतांग दर्रा पर 120 सेंटीमीटर से अधिक बर्फबारी की खबर है। शुक्रवार को चंद्राघाटी के कोकसर और सिस्सू में बर्फ़ीली हवा चलने से लोग घर से बाहर नहीं निकल पाये।
सिस्सू पंचायत की प्रधान सुमन ने बताया कि पिछले 48 घण्टे से घाटी में बर्फबारी के दौर जारी है और बर्फीले तूफान के चलते लोग अंदर ही दुबके हैं। कहा कि मौसम के इस बदलते स्वरूप से आम जनता के साथ पशु पक्षियों को भी मुसीबत झेलनी पड़ रही है। घाटी के मुख्य मार्ग सहित सभी सम्पर्क मार्ग पर बर्फ की मोटी चादर बिछने से अवरुद्ध हो गए हैं। आम जन के साथ पालतू पशु भी 48 घंटे से घरों और पशुशाला में बंद है।
चंद्राघाटी के अधिकतर गांव में बिजली की आंख मिचौली जारी है। बीआरओ अब रोहताग दर्रा बहाल नहीं करेगा। प्रधान सुमन व कोकसर के पूर्व प्रधान रतन ने बताया की बर्फ़बारी के बाद घाटी में इस तरह की बर्फ़ीली हवाएं नई बात नही है। उन्होंने बताया कि घाटी में जन जीवन प्रभावित हुआ है लेकिन सभी अपने घरों में सुरक्षित है। डीसी लाहुल केके सरोच में बताया कि प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।
Photos Himachal Snowfall: बर्फ से और खूबसूरत हुआ हिमाचल, देखें मनमोहक तस्वीरें