विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुल्लू की इस पंचायत में निर्विरोध चुन लिया प्रधान, दो वार्ड सदस्यों पर भी बनी सहमति; अब क्या है अगला प्लान?

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 07 May 2026 11:14 AM (IST)Updated: Thu, 07 May 2026 11:30 AM (IST)

कुल्लू की तांदी पंचायत ने पंचायत चुनावों में सर्वसम्मति से प्रधान संजीव कुमार और दो वार्ड सदस्यों को चुनकर अनूठी ...और पढ़ें

कुल्लू की तांदी पंचायत में निर्विरोध प्रधान व वार्ड सदस्यों का चयन करने के बाद ग्रामीण।

कुल्लू की तांदी पंचायत में निर्विरोध प्रधान व वार्ड सदस्यों का चयन करने के बाद ग्रामीण।

HighLights

  1. तांदी पंचायत में प्रधान संजीव कुमार निर्विरोध चुने गए।

  2. दो वार्ड सदस्य भी सर्वसम्मति से चुने गए।

  3. निर्विरोध चयन पर 25 लाख रुपये मिलेंगे।

दविंद्र ठाकुर, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर जहां गांव-गांव में राजनीतिक सरगर्मी तेज है, वहीं आनी विकास खंड की नवगठित तांदी पंचायत ने सर्वसम्मति की अनूठी मिसाल पेश की है। पहली बार बनी पंचायत में ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाते हुए संजीव कुमार को निर्विरोध प्रधान चुन लिया है। खास बात यह है कि पंचायत के दो वार्ड में सदस्य को भी बिना किसी मुकाबले के सर्वसम्मति से चुन लिया गया है।

इसमें वार्ड नंबर चार से रंजना देवी, वार्ड नंबर पांच से दिनेश कुमार को वार्ड के लोगों से आपसी सुझबुझा से चुन लिया गया है। जल्द यहां पर उपप्रधान व तीन वार्ड सदस्य भी सर्वसम्मति से चुनने का निर्णय लिया है। 

ग्रामीणों ने लिया सामूहिक निर्णय

तांदी पंचायत के कफ्टा गांव निवासी संजीव कुमार को लेकर पंचायत वासियों ने बैठक कर सामूहिक निर्णय लिया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके नेतृत्व में पंचायत में विकास कार्यों को गति मिलेगी और आगे भी उनसे यही उम्मीद है। उनकी साफ छवि, सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और युवाओं के बीच सक्रिय भूमिका ने उन्हें फिर से यह जिम्मेदारी दिलाई।

आपसी सहमति और सौहार्द का उदाहरण पेश किया

जिला कुल्लू में यह इस चुनावी सत्र का पहला मामला है, जहां पंचायत प्रतिनिधियों को निर्विरोध चुना गया है। इससे पहले आमतौर पर पंचायत चुनावों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलती रही है, लेकिन तांदी पंचायत ने आपसी सहमति और सौहार्द का उदाहरण पेश किया है। 

निर्विरोध चयन पर मिलेंगे 25 लाख रुपये

प्रदेश सरकार द्वारा निर्विरोध चुनी जाने वाली पंचायतों के लिए प्रोत्साहन राशि 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी गई है। इस फैसले के बाद कई पंचायतों में सर्वसम्मति से प्रतिनिधि चुनने की पहल देखी जा रही है। 

विकास कार्यों पर खर्च होगी रकम

तांदी पंचायत के ग्रामीणों का मानना है कि जल्द पूरी पंचायत को निर्विरोध चुना जाएगा। इसके लिए जो धनराशि मिलेगी, उससे क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी। तांदी पंचायत का यह निर्णय अन्य पंचायतों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश देता है।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के लिए 3 दिन अवकाश घोषित, सरकार की अधिसूचना में स्पष्ट की गई शर्तें व नियम 

यह भी पढ़ें: हिमाचल पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने नहीं उतारे जिला परिषद प्रत्याशी, इन विधायकों ने अपने स्तर पर कर दी घोषणा