विधायक के बयान पर भड़की संघर्ष समिति
सैंज अस्पताल में चल रही असुविधा को लेकर हड़ताल वीरवार को चौथे दिन में प्र
संवाद सूत्र, सैंज : सैंज अस्पताल में चल रही असुविधा को लेकर हड़ताल वीरवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गई। सरकार की ओर से अभी तक कोई हल नहीं निकला। चौथे दिन जारी क्रमिक भूख हड़ताल में भक्त राम, झावे राम, नेस राम मोर्चे पर रहे तथा इनके साथ अर्जुन ¨सह लगातार दूसरे दिन भी अनशन पर डटे रहे। सैंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों व पैरामेडिकल के रिक्त पदों को भरने के लिए सैंज घाटी की जनता संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले पिछले कई महीनों से आवाज उठा रही है। समिति ने पिछले चार दिनों से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है और विभिन्न संगठनों के सहयोग मिलने से समिति के पदाधिकारी भी सरकार के खिलाफ उतरे हैं। उधर वीरवार को समिति ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला और सैंज घाटी के लोगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। अस्पताल परिसर के बाहर बैठे भूख हड़ताल में संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने चिकित्सकों की मांग तथा अस्पताल में रात्रि सेवा को लेकर निशाना साधा। समिति के अध्यक्ष महेश शर्मा ने विधायक सुरेंद्र शौरी के उस बयान पर कटाक्ष किया जिसमें उन्होंने संघर्ष समिति के लिए चंद लोगों जैसे शब्द का प्रयोग किया है। महेश शर्मा ने कहा कि वर्तमान विधायक अपने समय को भूल बैठे जब उन्होंने इसी प्रकार की मांगों के लिए धरने-प्रदर्शन किए थे। बकौल महेश शर्मा, स्थानीय विधायक सैंज घाटी के लोगों के लिए चंद लोग जैसे शब्दों का प्रयोग करके घाटी के लोगों का उपहास कर रहे हैं और लोगों की जायज मांगों को राजनीतिक फायदे बता रहे हैं। संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा इस मांग को लेकर बीते तीन महीनों से चले आंदोलन में दर्जनों सामाजिक संस्थाओं तथा मजदूर, किसान, व्यापार संगठनों के बाद अब छात्र संगठन भी अब समिति के समर्थन में खड़े हो गए। एसएफआइ के प्रधान मोहित कुमार ने बताया कि सैंज घाटी के लोगों की मांग को लेकर स्टूडेंट फेडरेशन भी समिति के आंदोलन के कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी अनशनस्थल पर पहुंचकर भूख हड़ताल पर बैठे समिति सदस्यों का हौसला बढ़ाया। एनएसयूआइ के प्रधान आशु नेगी ने कहा कि सरकार लोगों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी इस मांग को दरकिनार नहीं कर सकती है छात्र संगठन घाटी के लोगों की मांग पर समिति का समर्थन करती है।