विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुल्लू में इंटरनेशनल दशहरा की तैयारी, पर्यटकों को 18 जगहों पर मिलेगी पार्किंग; दो हजार वाहन खड़े होंगे

Published: Sat, 17 Oct 2026 08:59 AM (IST)

अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए प्रशासन ने यातायात और पार्किंग की व्यापक व्यवस्था की है। 17 अक्टूबर से 8 ...और पढ़ें

इंटरनेशनल कुल्लू दशहरा की तैयारियां शुरू (फाइल फोटो)

इंटरनेशनल कुल्लू दशहरा की तैयारियां शुरू (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 17 अक्टूबर से 8 नवंबर तक यातायात मार्गों में बदलाव

  2. शहर में 18 स्थानों पर 2000 वाहनों की पार्किंग

  3. नो-पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई

संवाद सहयोगी, कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। 17 अक्टूबर से आठ नवंबर तक विभिन्न चरणों में यातायात मार्गों में बदलाव लागू रहेंगे। जिला दंडाधिकारी डा. अमित कुमार शर्मा ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत आदेश जारी कर वाहन चालकों को निर्धारित मार्गों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, शहर में 18 स्थानों पर दो हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। 17 अक्टूबर से आठ नवंबर तक ढालपुर चौक से कालेज गेट के बीच वाहनों की आवाजाही क्षेत्रीय अस्पताल मार्ग से होगी। कला केंद्र होकर जाने वाला मार्ग बंद रहेगा।

सरकारी ड्यूटी और अति विशिष्ट व्यक्तियों के काफिले को छूट मिलेगी। फोरलेन से सरवरी आने वाले वाहन अखाड़ा बाजार बेली ब्रिज या भूतनाथ पुल का इस्तेमाल कर सकेंगे। सरवरी और अखाड़ा बाजार से बाहर निकलने वाले वाहनों को भूतनाथ पुल से भेजा जाएगा। 21 से 28 अक्टूबर तक लगवैली से आने वाले वाहन नए बाईपास और भुट्टी चौक से लगवैली जाने वाले वाहन डाकघर मार्ग का उपयोग करेंगे।

सड़कों पर पार्किंग की तो होगी कार्रवाई

18 अक्टूबर से आठ नवंबर तक निर्धारित प्रमुख मार्गों पर नो-पार्किंग और टो-अवे प्रतिबंध रहेगा। इनमें मोहल से ढालपुर चौक, कालेज चौक से ढालपुर, ढालपुर से रामशिला और भुट्टी चौक से लगवैली चौक सहित भगवान रघुनाथ जी की यात्रा का मार्ग शामिल है। सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था

20 से 28 अक्टूबर तक विशेष दशहरा बसों को छोड़कर अन्य भारी वाहन झिड़ी और गैमन पुल के पास फोरलेन से भेजे जाएंगे। इसी अवधि में भुंतर के सैनिक चौक से रामशिला स्थित गैमन पुल तक माल चढ़ाने-उतारने का समय रात 12 से सुबह सात बजे तक रहेगा। कालेज गेट के समीप पशु मैदान में 17 अक्टूबर से आठ नवंबर तक अस्थायी बस अड्डा भी संचालित होगा।

शहर में यहां खड़े होंगे वाहन

प्रशासन ने वन विभाग मैदान, कैटल ग्राउंड, मोनाल कैफे के समीप नगर परिषद पार्किंग, सरवरी, अखाड़ा बाजार, टापू पुल, विपाशा मार्केट, सब्जी मंडी, डीएवी स्कूल मैदान मोहल, मिनी सचिवालय, शांगरी बाग और अन्य निर्धारित स्थलों सहित 18 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। जिला दंडाधिकारी ने लोगों से निजी परिसर या निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।