यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Atal Tunnel in Manali: अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में गिरा हिमखंड, चंद्रभागा नदी का बहाव रुकने से प्रभावित रहा यातायात
अटल टनल (Atal Tunnel) रोहतांग के नार्थ पोर्टल में सुबह एक हिमखंड गिर गया। इस हिमखंड के गिरने से चंद्रभागा ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मनाली। अटल टनल रोहतांग के नार्थ पोर्टल में मंगलवार सुबह नौ बजे हिमखंड गिर गया। इससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन चंद्रभागा नदी का बहाव लगभग तीन घंटे तक रुका रहा। 12 बजे के बाद पानी ने अपना रास्ता बना लिया और साढ़े 12 बजे हालात सामान्य हुए।
हिमखंड गिरने का पता चलते ही लाहुल स्पीति पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने केलंग से मनाली आ रहे सभी वाहनों को तांदी के पास रोक दिया। जब तक नदी का बहाव सामान्य नहीं हुआ तब तक पुलिस के जवान लाउडस्पीकर से पर्यटकों व राहगीरों को खतरे से सतर्क करते रहे। नदी से दूर रहने की हिदायत देते रहे।
अटल टनल को नहीं पहुंचा कोई नुकसान
हिमस्खलन अटल टनल के नार्थ पोर्टल में मात्र 50 मीटर की दूरी पर हुआ। इससे टनल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। वहीं, सिस्सू के पास भारी वर्षा से सड़क धंसने से मनाली-केलंग मार्ग कुछ घंटे बंद रहा। मनाली समेत लाहुल घाटी में रातभर भारी वर्षा हुई। इसके चलते आधी रात को सिस्सू के पास सड़क धंस गई।
बीआरओ की मदद से 12 बजे तक यातायात हुआ बहाल
सुबह पता चलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सड़क बहाली में जुटा। दोपहर 12 बजे तक बीआरओ ने सड़क यातायात के लिए बहाल कर दी। सिस्सू चौकी प्रभारी सीता राम ने बताया कि हिमखंड गिरने से कोई नुकसान नहीं हुआ है। चंद्रभागा नदी का बहाव रुक गया था जो कुछ ही घंटे बाद सामान्य हो गया। वर्षा से सिस्सू के पास सड़क धंस गई थी, जिसे बीआरओ ने बहाल कर दिया है।
