Himachal Pradesh: थिरोट के सामने डिमरु नाले में हिमस्खलन, दो घण्टे रुका रहा चन्द्रभागा नदी का बहाव
मनाली में लाहुल घाट स्थित थिरोट के सामने डिमरु नाले में भारी हिमस्खलन होने से चंद्रभाग नदी का पूर्ण रूप से बहाव रुक गया है। समस्त लाहुल स्पीति में भारी हिमपात का क्रम जारी है। हिमपात से लाहुल घाटी का मनाली से व स्पीति घाटी का किन्नौर से सम्पर्क कटा।
जागरण संवाददाता, मनाली: लाहुल घाटी में थिरोट के सामने डिमरु नाले में भारी हिमस्खलन हुआ है। हिमस्खलन होने से चन्द्रभागा (चिनाव)नदी का बहाव दो घण्टे रुका रहा। घाटी में लगातार हो रहे हिमस्खलन से जसरथ लेकर किलाड़ तक नदी किनारे रहने वाले लोगों को खतरा हो गया है। समस्त लाहुल स्पीति में हिमपात हो रहा है जिससे जन जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। हिमपात के चलते लोग घरों में कैद हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: Shimla: कुफरी नारकंडा में हिमपात और वर्षा के साथ आंधी, 3 एनएच सहित 431 सड़कें बंद, 2223 ट्रांसफार्मर खराब
फोर व्हील ड्राइव वाहनो के पहिये भी थम गए हैं। रविवार रात से लाहुल स्पीति में भारी हिमपात हो रहा है। हिमपात के चलते लाहुल घाटी का मनाली से जबकि स्पीति घाटी का किन्नौर से सम्पर्क कट गया है। जम्मू की जांस्कर घाटी का भी लाहुल से सम्पर्क कट गया है। लाहुल स्पीति जिला के उंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों कोकसर, डिम्फुक, सिस्सू, गोंदला, दारचा, योचे, रारिक, छिका, मयाड़, खंजर, नैन गाहर, गवाड़ी और चौखंग में डेढ़ दे दो फीट हिमपात हुआ है।
इन ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। हालांकि समस्त जिला में हिमपात का क्रम जारी है लेकिन उंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में जन जीवन अधिक प्रभावित हुआ है। सड़कें बन्द हो गई है तो पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। दूर दराज के क्षेत्रों में बिजली भी गुल हो गई है।
यह भी पढ़ें: Dharamshala Weather: एक बार फिर मौसम ने ली करवट, जानें कहां-कहां हुई बर्फबारी
दूसरी ओर रोहतांग दर्रे सहित शिंकुला, बारालाचा, कुंजम दर्रे में तीन फीट से अधिक हिमपात हुआ है। लाहुल स्पीति उपायुक्त सुमित खिमटा ने बताया कि जिला में रविवार रात से भारी हिमपात हो रहा है। उन्होने बताया कि हिमपात होने से हिमस्खलन की आशंका भी बढ़ गई है। लोगों से आग्रह है कि वो घरों से बाहर न निकलें। उन्होंने बताया कि प्रशासन सतर्क है और हालात पर नजर रखे हुए है।