यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal Election 2022: प्रतिभा सिंह का तंज- इस बार राम के नाम से भी नहीं बच पाएंगे जयराम
Himachal Pradesh Assembly Election 2022 भाजपा सरकार राम के नाम से जनता को गुमराह करती रही है लेकिन इस बार ...और पढ़ें

मनाली, जागरण संवाददाता। Himachal Pradesh Assembly Election 2022, भाजपा सरकार राम के नाम से जनता को गुमराह करती रही है, लेकिन इस बार राम का नाम भी जयराम की कुर्सी नहीं बचा पाएगा। कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम सभी के दिलों में बसते हैं। इस बार प्रदेश की जनता राम का राग अलापने वाली जयराम सरकार के बहकावे में नहीं आएगी। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता देने का मन बना लिया है। प्रतिभा सिंह ने वीरवार को कांग्रेस प्रत्याशी भुवनेश्वर गौड़ के पक्ष में मनाली के सेऊबाग में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जनता ने भाजपा के मिशन रिपीट को डिफीट में बदलने की मन बना लिया है।
80 रुपये प्रतिकिलो दूध खरीदेगी कांग्रेस
भाजपा के नेता झूठ बोल कर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। मंत्री गोविंद ठाकुर बताएं कि उन्होंने मंत्री रहते हुए मनाली विधानसभा क्षेत्र के लिए क्या किया? वह तो पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा शुरू किए कार्यों को भी पूरा नहीं कर पाए हैं। प्रतिभा सिंह ने देश व प्रदेश में महंगाई व बेरोजगारी के लिए भाजपा को दोषी ठहराया। भाजपा की नीतियों व निर्णयों ने देश को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही ग्रामीणों की आर्थिकी को सुदृढ करने के लिए 80 रुपये किलो दूध खरीदेगी। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। कांग्रेस प्रत्याशी भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि मनाली विधानसभा में 15 साल से विकास को ग्रहण लग गया है। मंत्री गोविंद ठाकुर ने विकास के नाम पर कुछ नहीं किया।
