बंजार में जीप चालक से 42 किलोग्राम चरस बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये में कीमत
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने 42 किलोग्राम चरस के साथ एक व्यक्ित को गिरफतार किया है।
कुल्लू, जेएनएन। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने 42 किलोग्राम चरस के साथ एक व्यक्ित को गिरफतार किया है। जिला कुल्लू की बंजार घाटी में पुलिस ने एक गाड़ी से यह खेप बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में नशे की इस खेप की कीमत करोड़ों रुपये में है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार सुबह बंजार थाना की टीम ने हेड कांस्टेबल जगदीश के नेतृत्व में फागू पुल के पास नाका लगा रखा था। पिकअप एचपी 41-0675 के चालक लीलाधर निवासी रिवालसर जिला मंडी से 42.05 किलो चरस बरामद की गई। पिछले 17 साल में बरामद चरस की यह सबसे बड़ी खेप है।
कुल्लू पुलिस ने जुलाई 2019 से लेकर अब तक करीब 218 किलो चरस बरामद की है और सप्लायर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करके उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया है। इससे पूर्व बंजार पुलिस टीम ने एक व्यक्ति से आठ किलो चरस बरामद की थी। बंजार पुलिस थाना की टीम लगातार माफिया को बड़ी खेप के साथ दबोच रही है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू गौरव सिंह ने बताया बंजार पुलिस ने 42 किलो 50 ग्राम चरस के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन करनी आरंभ कर दी है।