विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में सड़कों पर जमने लगी बर्फ, दर्रों पर सफर से पहले पढ़ लें पुलिस की एडवायजरी; जोखिमभरा हुआ सफर

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Thu, 22 Oct 2026 01:43 PM (IST)Updated: Thu, 22 Oct 2026 03:17 PM (IST)

हिमाचल के शिंकुला और बारालाचा दर्रे पर तापमान गिरने से सड़कों पर ब्लैक आइस जम गई है, जिससे सफर जोखिमभरा ...और पढ़ें

लाहुल-स्पीति के शिंकुला दर्रे पर सड़क पर जमीं बर्फ।

लाहुल-स्पीति के शिंकुला दर्रे पर सड़क पर जमीं बर्फ।

HighLights

  1. शिंकुला, बारालाचा दर्रे पर ब्लैक आइस से सफर जोखिमभरा।

  2. लाहुल-स्पीति पुलिस ने यात्रा के लिए एडवायजरी जारी की।

  3. रोहतांग दर्रे पर पर्यटन चरम पर, कारोबार में उछाल।

जसवंत ठाकुर, मनाली। हिमाचल प्रदेश में शिंकुला और बारालाचा दर्रे में तापमान माइनस में लुढ़कने से सड़क किनारे बर्फ जमने लगी है। इस कारण सफर जोखिमभरा हो गया है। ऐसे में लाहुल-स्पीति पुलिस ने पर्यटकों व अन्य लोगों के लिए एडवायजरी जारी की है। लाहुल-स्पीति जिले में लगातार हो रही बर्फबारी और तापमान में भारी गिरावट के कारण ऊंचाई वाले दर्रों में सफर अब जोखिमभरा होता जा रहा है।

सड़क किनारे ब्लैक आइस की मोटी परत

शिंकुला दर्रा (16580 फीट), बारालाचा ला (16040 फीट) और कुंजुम पास (15060 फीट) में रात के समय पारा माइनस में लुढ़क रहा है, जिस कारण सड़कों पर बह रहा पानी सुबह के समय जम रहा है। सड़कों पर ब्लैक आइस की मोटी परत जम रही है, जिससे फिसलन का खतरा कई गुना बढ़ गया है।

snow Freeze on road 1

बरतें सावधानी

अगर आप इन दर्रे को अपने वाहन में आर-पार कर रहे हैं तो आपके लिए यह जरूरी है कि एंटी-स्किड चेन, गर्म कपड़े, खाने-पीने का सामान और पूरी तरह चार्ज मोबाइल साथ लेकर चलें। हालांकि साफ मौसम में सफर सुरक्षित है लेकिन अचानक होने वाली बर्फबारी में आपकी दिक्कत बढ़ सकती है।

पुलिस की एडवायजरी

पुलिस ने सलाह दी है कि इन दर्रों को केवल फोर बाई फोर (4x4) वाहनों में ही पार किया जाए। दर्रा धूप खिलने के बाद ही पार किया जाए। लाहुल-स्पीति पुलिस ने इसको लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। 

snow Freeze on road 2

सुबह 10 बजे से पहले न करें सफर

पुलिस उप अधीक्षक लाहुल-स्पीति केडी शर्मा ने बताया कि शिंकुला, बारालाचा और कुंजुम दर्रे में सुबह 10 बजे से पहले और शाम 4 बजे के बाद सफर करना खतरनाक हो सकता है। सड़कों पर जमी बर्फ से वाहन स्किड होने का खतरा बना है। 

रोहतांग में पर्यटन सीजन पीक पर

इसके विपरीत रोहतांग दर्रे में तस्वीर बिल्कुल अलग है। ताजा बर्फबारी के बाद रोहतांग दर्रा (13050 फीट) पूरी तरह बर्फ से लकदक हो गया है, जिससे वहां पर्यटन कारोबार ने जोर पकड़ लिया है। दशहरा की छुट्टियों के बाद स्कूलों-कॉलेजों और पश्चिम बंगाल से आए सैलानियों की बड़ी टोलियों से कुल्लू-मनाली गुलजार है।

बुधवार को रोहतांग में 743 वाहन पहुंचे। दर्रे में स्नो स्कूटर, स्नो स्कीइंग, स्नो ट्यूब, घुड़सवारी और माउंटेन बाइक जैसी साहसिक गतिविधियों की धूम मची हुई है। पर्यटक बर्फ में खूब अठखेलियां कर रहे हैं।

पर्यटन स्थलों में रौनक

पर्यटन के रफ्तार पकड़ने से स्थानीय कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है। मनाली, सोलंगनाला, मढ़ी और अटल टनल के आसपास के छोटे-बड़े होटलों, होम स्टे, ढाबों और टैक्सी कारोबारियों में रौनक लौट आई है। लंबे समय से मंदी झेल रहे कारोबारियों को विंटर सीजन से पहले ही अच्छी कमाई की उम्मीद बंध गई है।

यह भी पढ़ें: Himachal Weather 22nd October: हिमाचल में सक्रिय हो रहा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, 5 जिलों में होगी बारिश-बर्फबारी