Himachal Weather 22nd October: हिमाचल में सक्रिय हो रहा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, 5 जिलों में होगी बारिश-बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से वर्षा और हिमपात की संभावना है। इससे पांच जिलों में असर दिखेगा और तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ेगी।

हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बर्फबारी की संभावना है।
HighLights
24-25 अक्टूबर को हिमाचल में वर्षा-हिमपात की संभावना।
पश्चिमी विक्षोभ से पांच जिलों में दिखेगा असर।
तापमान में गिरावट से प्रदेशभर में बढ़ेगी ठंड।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में दो दिन धूप खिलने के बाद 24 अक्टूबर से वर्षा व हिमपात की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके प्रभाव से 24 और 25 अक्टूबर को मध्यवर्ती और अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा और हिमपात की संभावना है।
26 और 27 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद प्रदेशभर में मौसम दोबारा साफ रहने की संभावना है। 22 और 23 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क और साफ रहेगा। अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रहेगी।
5 जिलों में दिखेगा असर
24 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के असर से चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहुल स्पीति जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात व निचले इलाकों में वर्षा की संभावना है। 25 अक्टूबर को मौसम का प्रभाव और बढ़ेगा। इससे मंडी जिला भी प्रभावित रहेगा। इन पांचों जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा व हिमपात की संभावना है।
ऊंचाई वाले क्षेत्र में बढ़ी ठंड
प्रदेश के जनजातीय और पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। लाहुल स्पीति का ताबो 0.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। केलंग में 0.5 डिग्री और कुकुमसेरी में 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रदेश में सामान्य से 36 प्रतिशत अधिक हुई वर्षा
अक्टूबर में अब तक प्रदेश में सामान्य से 36 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है। मौसम विज्ञान केंद्र का मानना है कि 24 और 25 अक्टूबर को होने वाली वर्षा व हिमपात से तापमान में और तेज गिरावट आएगी, जिससे राज्यभर में ठंड बढ़ेगी।
