Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Himachal Heavy Snowfall: चारों तरफ बर्फ ही बर्फ, भारी बर्फबारी से जन जीवन अस्त-व्यस्त; घरों में कैद हुए लोग, PHOTOS

    Updated: Sat, 28 Dec 2024 01:37 PM (IST)

    लाहुल स्पीति के ग्रामीण इलाकों में भारी बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तीन से चार फीट तक बर्फ गिरने से लोग घरों में कैद हो गए हैं। बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। प्रशासन ने लोगों से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। हालांकि पर्यटकों के लिए अच्छी बात है वे अब जमकर बर्फ का मजा ले सकेंगे।

    Hero Image
    Himachal Snowfall: बर्फबारी से स्थानीय लोग परेशान, पर्यटकों में खुशी की लहर।

    जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल के कई उंचे इलाकों पर जमकर बर्फबारी हुई है। जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रोहतांग, कुफरी, शिंकुला और नारकंडा में भारी बर्फबारी हुई है। उधर, लाहुल स्पीति के उंचाई वाले ग्रामीण क्षेत्रों में तीन से चार फीट हिमपात हुआ है। भारी हिमपात होने से लाहुल घाटी में जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हिमपात से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। लोग घरों में कैद हो गए हैं। जिले में शुक्रवार सुबह से लगातार हिमपात हो रहा है। दर्रों के बजाए इस बार घाटी में अधिक हिमपात हुआ है। रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा व कुंजम में ढाई फीट हिमपात की सूचना है, जबकि दर्रों से अधिक हिमपात ग्रामीण क्षेत्रों में हुआ है। 

    सबसे अधिक हिमपात अटल टनल रोहतांग के साउथ व नोर्थं पोर्टल में हुआ है। यहां साढ़े तीन फीट हिमपात दर्ज किया गया है। 

    दारचा में सात से आठ इंच, जिला मुख्यालय केलंग में पांच इंच, उदयपुर उप मण्डल में आठ इंच, तिन्दी में आठ इंच, सिस्सू व गोंदला में तीन फीट, कोकसर में एक फीट जबकि स्पीति घाटी में तीन इंच से आठ इंच तक हिमपात हुआ है।

    लाहुल स्पीति जिला में जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोग घरों में कैद हो गए हैं। अधिकतर क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सामान्य है जबकि कुछ एक दूर दराज के क्षेत्रों में बिजली बाधित हो गई है।

    पानी जमने से ग्रामीणों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उपायुक्त लाहुल स्पीति राहुल कुमार ने बताया कि जिला में शुक्रवार से भारी हिमपात का क्रम जारी है।

    उंचाई वाले ग्रमीण क्षेत्रों में साढ़े तीन फीट से अधिक हिमपात हो चुका है। कार के अंदर भी बर्फ जम गई है। बर्फ जमने से लोगों को परेशानी हो रही है। 

    लाहुल में अटल टनल के नोर्थं पोर्टल में भारी हिमपात हो रहा है। प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए हैं। लोगों से आग्रह किया कि मौसम खुलने तक घरों से बाहर न निकलें।

    सोलंग नाला से पुलिस ने लगभग पांच हजार पर्यटकों को रेस्क्यू किया है। शुक्रवार को बर्फ के फाहों का आनंद लेने सोलंग नाला गए पर्यटकों के लिए मौसम भारी पड़ गया। 

    खतरे से अनजान पर्यटक देर शाम तक बर्फ में मस्ती करते रहे। हिमपात की रफ्तार बढ़ते ही वाहनों के पहिये जाम होने लगे।

    हालात खराब होते देख मनाली डीएसपी केडी शर्मा मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। छह बजे रेस्क्यू अभियान ने गति पकड़ी लेकिन वाहनों के बर्फ में फंसने से लाइन लंबी होती गई। मनाली पुलिस रात भर रेस्क्यू अभियान में जुटी रही।

    यह भी पढ़ें- Himachal Weather: रोहतांग-शिंकुला व नारकंडा-कुफरी में भारी बर्फबारी, फंसे 5000 पर्यटक; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी