गौरव ने तोड़ दी थी नशा तस्करों की कमर
संवाद सहयोगी कुल्लू कई समाजिक संस्थाओं यूं ही नहीं कुल्लू के पुलिस अधीक्षक रहे गौरव सिंह
संवाद सहयोगी, कुल्लू : कई समाजिक संस्थाओं यूं ही नहीं कुल्लू के पुलिस अधीक्षक रहे गौरव सिंह के पक्ष में आवाज बुलंद नहीं कर रही हैं। इसका कारण है कुल्लू में उनके पुलिस अधीक्षक रहते हुए नशा माफिया पर की गई कार्रवाई। गौरव सिंह की अगुआई में कुल्लू जिले में 489 मामले नशा तस्करी के पकड़े गए। 695 आरोपित गिरफ्तार किए गए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कुल्लू दौरे के दौर भुंतर हवाई अड्डे के बाहर गौरव सिंह व मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारियों में हुई झड़प के बाद तबादला व गौरव सिंह का निलंबन लोगों को रास नहीं आ रहा है। उन्होंने निलंबन को निरस्त करने की मांग की है।
गौरव सिंह के कुल्लू में पुलिस अधीक्षक रहते हुए नशा तस्करी 489 केस दर्ज किए गए। करीब 550 किलो चरस, आठ किलो चिट्टा, छह किलो अफीम, 305 किलो गांजा, 468 किलो भुक्की, अफीम डोडा, सात एलएसडी पेपर, 4.2 ग्राम एमडीएमए, चार ग्राम कोकीन, 1300 नशीले कैप्सूल और करीब चार लाख रुपये जब्त किए गए। कुल 695 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 29 विदेशी नागरिक और 43 नेपाली मूल के आरोपित शामिल हैं। चिट्टा मामले में 24 अफ्रीकी नागरिकों को दिल्ली से गिरफ्तार किया था और 6.279 किलो चिट्टा भी जब्त किया था।
-------------
एक क्विंटल से अधिक चरस पकड़ी थी
कुल्लू जिले की सैंज घाटी में 123.488 किलोग्राम चरस बरामद की गई थी। यह प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी नशे की खेप थी। इसमें मुख्य सप्लायर, चरस ले जाने वाला, डीलर और खरीदार सभी को गिरफ्तार कर इनकी संपत्ति भी जब्त की गई। पोस्त की खेती करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 112 मामले दर्ज करके 50 आरोपितों को गिरफ्तार किया। इसमें नौ लाख पोस्त के पौधे और 12 लाख भांग के पौधों को जब्त करके नष्ट किया गया।