हिमाचलः रोहतांग सहित मनाली व लाहुल की चोटियों पर हिमपात
fresh snowfall on rohtang pass, रोहतांग दर्रे सहित मनाली व लाहुल की चोटियों पर हिमपात शुरू हो गया है। वीरवार व शुक्रवार के लिए मौसम विशेषज्ञों ने यलो अलर्ट जारी किया है।
जसवंत ठाकुर, मनाली। रोहतांग दर्रे सहित मनाली व लाहुल की चोटियों पर हिमपात शुरू हो गया है। वीरवार व शुक्रवार के लिए मौसम विशेषज्ञों ने यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लाहुल के लोगों की चिंता और बढ़ गई है। जिला कुल्लू प्रशासन ने मौसम का रुख देखते हुए 17 फरवरी तक स्कूलों में छुटिट्यां कर दी हैं। लगातर हो रही बर्फबारी अब आफत बनने लगी है। लाहुल की समस्त घाटी की सड़कें बंद हो गई हैं। लाहुल घाटी में इस बार बर्फ अधिक गिरी है जिस कारण हिमखंड गिरने की घटनाएं भी बढ़ी हैं।
लोग घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे हैं। जगह-जगह गिर रहे हिमखंड के कारण चंद्रभागा नदी का बहाल भी रुक रहा है। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने बताया 14 व 15 फरवरी को अधिक बर्फबारी होने की आशंका को देखते हुए सभी स्कूलों को 17 तक छुट्टियां दे दी गई हैं। उन्होंने सैलानियों से आग्रह किया कि वे बर्फबारी को देखते हुए पर्यटन स्थलों में न जाएं।
यहां हुआ ताजा हिमपात
रोहतांग दर्रे सहित मकरबेद शिकरबेद, हनुमान टीबा, इंद्र किला, हामटा, रानी सुई, भृगु लेक, दशोहर झील, चंद्रखनी, फोजल जोत, नगर की पहाडिय़ों, पांडु रोपा सहित रोहतांग के उस पार बारालाचा दर्रे सहित शिंकुला, दारचा की पहाडिय़ों, लेडी ऑफ केलंग, नेनगर, नीलकंठ जोत, कुंजम जोत में बर्फबारी हुई है। साथ ही मनाली के पर्यटन स्थल राहनीनाला, मढ़ी, ब्यासनाला, राहलाफाल में फाहे गिरे हैं।