रोहतांग दर्रे सहित पहाड़ों ने ओढ़ी सफेद चादर, बर्फ के फाहे देख चहके सैलानी
राेहतांग में ताजा बर्फबारी से पहाड़ और भी आकर्षक हो गए हैं, बर्फबारी से लाहुल और मनाली में ठंड बढ़ गई है।
मनाली, जेएनएन। लाहुल को कुल्लू से जोड़ने वाले रोहतांग दर्रे सहित पहाड़ों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बर्फ के फाहों से पर्यटन नगरी भी सरावोर हुई है। ताजा बर्फबारी होने से पहाड़ और भी आकर्षक हो गए है। बर्फबारी होने से लाहुल सहित मनाली घाटी में ठंड बढ़ गई है। उधर, रोहतांग दर्रे सहित राहनीनाला, मढ़ी, धुंधी जोत, पतालसू जोत, इंद्र किला, लदाखी पीक, सेवन सिस्टर पीक, हनुमान टिब्बा मकरबे व शिकरबे की पहाड़ियों, भृगु व दशौहर की पहाड़ियों ने भी बर्फ की हल्की चादर ओढ़ ली है। मनाली के पर्यटन स्थल नेहरुकुण्ड, पलचान, कोठी, सोलंगनाला, फातरु, अंजनीमहादेव, हामटा और गुलाबा में 2 इंच से 6 इंच के बीच बर्फ़बारी हुई है।
लाहुल में बारालाचा दर्रे सहित जिंगजिंगबार, दारचा की पहाड़ियों, मयाड़ घाटी, घेपन पीक, लेड़ी आफ केलंग, कुंजुम जोत, दारचा की पहाडि़यों, शिला पीक, बढ़ा व छोटा शिंगरी ग्लेशियर व नील कंठ जोत सहित समस्त ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी का क्रम शरू हो गया है। दूसरी ऒर सुबह ही मनाली व आसपास के पर्यटन स्थलों में बर्फ़बारी शुरू हो गई। बर्फ के फाहे देखते ही सैलनियों ने नेहरुकुण्ड व पलचान का रुख किया।
आज सैलानियों को बर्फ के दीदार करने दूर नही जाना पड़ा। सैलनियों ने मनाली के नजदीक ही नेहरुकुण्ड में बर्फबारी का आनंद लिया। फ़ोटो ग्राफर यूनियन के अध्यक्ष दुर्गा दत ने बताया कि नेहरुकुण्ड में सुबह से ही सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने कहा कि सैलानी बर्फ के फाहों का आनंद ले रहे है और फ़ोटोग्राफी कर लम्हों को कैमरे में भी कैद कर रहे है। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने कहा कि बर्फबारी को देखते हुए सैलानियों को कोठी में ही रोक दिया है। उन्होंने बताया कि मौसम की परिस्थितियों पर नजर रखी जा रही है।