काजा में डीजल कंटेनर फटने से झुलसे आइटीबीपी के दो जवान
जागरण संवाददाता, मनाली : भारत-चीन सीमा के साथ लगते हिमाचल के काजा उपमंडल में आइटीबीपी के
जागरण संवाददाता, मनाली : भारत-चीन सीमा के साथ लगते हिमाचल के काजा उपमंडल में आइटीबीपी के दो जवान डीजल में लगी आग की चपेट में आकर झुलस गए। इनकी पहचान रवि कुमार पुत्र विनोद प्रसाद अग्रवाल निवासी मारवाड़ी, छतरा (झारखंड) व व्यास देव पुत्र भक्त राम निवासी गांव तलाई (चंबा, हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों का काजा अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसा उस समय हुआ जब जवान अपने कैंप में स्टोव जलाने के लिए डीजल को गर्म कर रहे थे। डीजल को एक कंटेनर में गर्म करते हुए जोरदार धमाका हुआ और यह दोनों जवानों पर फैल गया। गर्म डीजल ने आग पकड़ ली और दोनों जवान भी इसकी चपेट में आ गए। जवानों का हाल जानने एडीसी काजा विक्रम नेगी काजा अस्पताल पहुंचे। नेगी ने बताया कि दोनों की हालत खतरे से बाहर है। डॉक्टर जवानों की देखभाल कर रहे हैं। प्रशासन ने दोनों जवानों को फौरी राहत प्रदान कर दी है।