विश्व शांति के लिए 2200 बजंतरियों ने बजाई देवधुन
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में रविवार को आयोजित देवधुन के बाद सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि मैं स्वयं नाटी शौकीन हूं और इसकी कमियों व खूबियों से अच्छी तरह परिचित हूं।
जागरण संवाददाता, कुल्लू : अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान रविवार को कुल्लू के रथ मैदान में विश्व शांति के लिए 2200 बजंतरियों ने एक साथ देवधुन बजाई। इसमें तीन धुनों के साथ आरती शामिल थी। बजंतरियों ने दखनिया बाजा, ढोल-नगाड़ों के साथ देवधुन बजाई। देवधुन को सबसे पहले मंत्रोच्चारण के साथ शुरू किया गया। उसके बाद लगातार 45 मिनट तक चली देवधुन में सभी बजंतरियों ने हुंआरा, अठारह करूडू के सो सहित दो गाने और एक आरती बजाई। इसे 22 देशों में लाइव दिखाया गया। यह रिकॉर्ड इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज हो गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इंडिया बुक ऑफ रिकॉडर््स के अधिकारियों ने उनको प्रमाणपत्र सौंपा। मुख्यमंत्री बोले, कुछ कमियां रहीं जिन्हें अगली बार दूर करेंगे
मुख्यमंत्री करीब 11 बजे कुल्लू पहुंचे और सर्किट हाउस पहुंचने के बाद वहां से खुली जीप में उनको रथ मैदान तक पहुंचाया गया। इसके बाद देवधुन का आयोजन किया गया। देवधुन के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले बजंतरियों को इसके लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने देवधुन में सामने आई कमियों का उल्लेख भी मंच से ही कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं नाटी शौकीन हूं और इसकी कमियों व खूबियों से अच्छी तरह परिचित हूं। वाद्ययंत्रों की ध्वनि जब तक रूह को न छुए तब तक असली आनंद नहीं आता। बीच में कई बार ध्वनि टूट रही थी। देवधुन के दौरान रिदम की कमी दिखी है, लेकिन जितने कम समय में यह आयोजन हुआ है, यह बड़ी बात है। इस बार जो कमियां रही हैं, उनको अगली बार पूरा किया जाएगा। अगली बार बजंतरियों के बैठने और इस कार्यक्रम को कमांड करने वालों के लिए अलग से स्टेज होगा, ताकि सब लोगों पर नजर रखी जा सके। मुख्यमंत्री ने अपनी ऐच्छिक निधि से पांच लाख रुपये इस कार्यक्रम के लिए देने की घोषणा की।
-----
अटल जी की प्रतिमा का किया शिलान्यास
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व पीएम स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का शिलान्यास अटल सदन के प्रांगण में किया। लगभग 24 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस प्रतिमा को जल्द तैयार किया जाएगा। इसके बाद सीएम ने नए उपायुक्त कार्यालय का उद्घाटन किया तथा उसके बाद सड़क मार्ग का शिलान्यास किया। ये रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा कैबिनेट मंत्री गोविद सिंह ठाकुर, उपायुक्त डॉ. ऋचा वर्मा, एसपी कुल्लू गौरव सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष भीम सेन, युवराज बौद्ध, कारदार संघ के अध्यक्ष जयचंद, बजंतरी संग के अध्यक्ष मेहर चंद, पार्षद तरुण विमल सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।